
मृतक अर्पित बिड़ला (पत्रिका फोटो)
Bhilwara Road Accident News: मांडल (भीलवाड़ा): अजमेर-चित्तौड़गढ़ (जयपुर-उदयपुर) राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मांडल कस्बे के निकट नेशनल हाइवे पर स्थित एक होटल से खाना खाकर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर सीधे राजमार्ग के डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक का सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
मांडल थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव के अनुसार, भीलवाड़ा की आरसी व्यास कॉलोनी निवासी अर्पित (32) पुत्र श्याम सुंदर बिड़ला और उसका साथी अंसल कॉलोनी निवासी गिरीश गर्ग पुत्र गोपाल गर्ग बाइक से राजमार्ग पर स्थित आशीर्वाद होटल में खाना खाने गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब दोनों खाना खाकर वापस लौट रहे थे, तभी होटल से महज 100 मीटर की दूरी पर बदालीखेड़ा (धूलखेड़ा) चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर लगते ही बाइक चला रहे अर्पित ने अपना वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में अर्पित के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी गिरीश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची मांडल थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्पित बिड़ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गिरीश का प्राथमिक उपचार कर इलाज शुरू किया गया।
जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक अर्पित बिड़ला एक प्राइवेट नौकरी करता था। उसके पिता एक रिटायर्ड शिक्षक हैं और मां गृहिणी हैं। घर में उसका एक बड़ा भाई भी है, जो शादीशुदा है। सड़क हादसे में घायल साथी गिरीश गर्ग की रिपोर्ट पर पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
Updated on:
07 Jul 2026 08:07 pm
Published on:
07 Jul 2026 08:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
