
भीलवाड़ा: अपराध की दुनिया का नेटवर्किंग सिस्टम कितना खौफनाक और हाईटेक हो सकता है। इसकी बानगी भीलवाड़ा और दुबई के बीच उपजे एक सनसनीखेज मामले में देखने को मिल रही है। सात समंदर पार दुबई में फल-फूल रहे एक भारतीय व्यापारी के कारोबार पर भीलवाड़ा के अपराधियों की ऐसी नजर लगी कि खौफ की पटकथा दुबई में लिखी गई और उसकी वसूली भीलवाड़ा में की गई।
इस सनसनीखेज इंटरनेशनल जबरन वसूली मामले में सुभाषनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपी और पूर्व पार्षद फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी गैंग के गुर्गे योगेश मूंदड़ा को 15 जुलाई तक रिमांड पर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मूंदड़ा की लग्जरी कार, मोबाइल और उसके ठिकानों से कई अहम दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। जबकि उसके साथी राजा उर्फ राजू पठान की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
पुलिस अनुसंधान में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, वह किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। भीलवाड़ा मूल के मुकेश टेलर दुबई में ट्रैवलिंग और एक्सपोर्ट-इंपोर्ट का बड़ा कारोबार करते हैं। उनके बढ़ते बिजनेस को देख दुबई में बैठे पूर्व पार्षद लुत्फी की गैंग की लार टपक गई।
लुत्फी ने एक दर्जन से अधिक गुर्गों की मदद से 1 जुलाई 2026 को मुकेश को दुबई में बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने मुकेश को बेरहमी से पीटा और इस मारपीट का लाइव वीडियो भीलवाड़ा के पथिक नगर में रह रही उनकी पत्नी और पिता को दिखाया। खून से लथपथ मुकेश का वीडियो देखकर परिवार थर्रा उठा।
इसी खौफ का फायदा उठाकर भीलवाड़ा में सक्रिय गुर्गे योगेश मूंदड़ा और राजा पठान ने मुकेश की पत्नी पर दबाव बनाया और 40 लाख रुपए के चेक ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, दुबई में भी इस गैंग ने मुकेश से डरा-धमकाकर चेकों के जरिए 48 लाख रुपए की मोटी वसूली की।
अब इस गैंग का सरगना और पूर्व पार्षद लुत्फी अभी दुबई पुलिस की हिरासत में है। उसे भारत लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चक्रव्यूह रच रही है। शहर के तीन थानों में लुत्फी के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो में उसे सजा भी हो चुकी है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और रंगदारी के मामलों में वांछित लुत्फी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी है।
जिला पुलिस इंटरपोल की मदद से दुबई में बैठे लुत्फी की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट हासिल करने की कानूनी कवायद में पूरी मुस्तैदी से जुट गई है। सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने में लगी है, जिससे जल्द ही इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।