14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Club Murder: भरतपुर ओपन जेल से निकलकर जयपुर पहुंचे 3 कैदी, क्लब में लड़की को मारा थप्पड़ तो साथी ने ही कर दी हत्या

भरतपुर की सेवर ओपन जेल से हत्या के मामलों में सजा काट रहे तीन बंदी फरार होकर जयपुर में बर्थडे पार्टी में पहुंचे। पार्टी के दौरान विवाद में धौलपुर निवासी अन्नू गुर्जर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आठ बदमाशों को राउंडअप किया है।
2 min read
Google source verification
Bharatpur Open Jail

Bharatpur Open Jail (Photo-AI)

भरतपुर: सेवर कारागृह की ओपन जेल की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर सवालों के घेरे में है। हत्या जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहे तीन बंदी ओपन जेल से फरार होकर जयपुर पहुंचे और देर रात बर्थडे पार्टी में शामिल हुए। पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें धौलपुर निवासी 25 वर्षीय अन्नू गुर्जर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने आठ बदमाशों को राउंडअप किया है, जबकि फरार बंदियों के खिलाफ ओपन जेल से भागने का मामला भी दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, धौलपुर के बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर अपने ममेरे भाई कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर का जन्मदिन मनाने जयपुर आया था। रविवार देर रात मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक क्लब में पार्टी चल रही थी। रात करीब ढाई बजे किसी बात को लेकर अन्नू ने पार्टी में मौजूद एक युवती को थप्पड़ मार दिया। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि उसके ही साथियों ने चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नू को आरोपी खुद जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के दोषी जेल से बाहर कैसे पहुंचे

जांच में सामने आया कि अनुज गुर्जर एवं कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू गुर्जर हत्या के दो मामलों में भरतपुर ओपन जेल में सजा काट रहे हैं। इनमें जयपुर का चर्चित गोल्डी हत्याकांड और लालकोठी जेल में पाकिस्तानी नागरिक हकरुल्ला की हत्या का मामला शामिल है। वहीं, तीसरा आरोपी राजेश गुर्जर हिंडौन सिटी के एक मामले में सजा भुगत रहा था।

तीनों बदमाश ओपन जेल से फरार होकर जयपुर पहुंचे और पार्टी में शामिल हुए। पार्टी में इनके साथ आकाश, हनी गुर्जर एवं गजेंद्र सहित अन्य साथी भी बताए गए हैं। मृतक अन्नू गुर्जर, कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर का ममेरा भाई था। पुलिस जांच में सामने आया है कि अनुज गुर्जर शहर में डॉक्टर दंपती हत्याकांड का आरोपी रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

यह घटना ओपन जेल की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। हत्या और बलात्कार जैसे संगीन मामलों में सजा काट रहे बदमाश जेल से बाहर निकलकर दूसरे शहर में पार्टी करते रहे और जेल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब हत्या की वारदात के बाद फरार होने का मामला भी सामने आने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

रात को बंदी ओपन जेल की गिनती में थे, लेकिन रात को यहां से निकल गए। करीब 75 बंदी हैं। शाम को हाजिरी में यह शामिल थे। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-परमजीत सिंह, अधीक्षक कारागृह सेवर