12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहनाई की जगह गूंजी सिसकियां: बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की घर लौटी अर्थी, अधूरी सड़क ने छीन ली जिंदगी

Bharatpur Road Accident: शादी वाले घर में गूंजनी थीं खुशियां, अब वहां मातम है...20 जुलाई को होने वाले बेटे की शादी की तैयारियों में जुटे 56 वर्षीय हीरालाल अपने हाथों से रिश्तेदारों को विवाह के निमंत्रण देने निकले थे। लेकिन अधूरी और असुरक्षित सड़क ने उन्हें घर लौटने का मौका ही नहीं दिया।
2 min read
Google source verification
Bharatpur Road Accident News

मृतक हीरालाल, सड़क के बिलकुल निकट रखा ट्रांसफॉर्मर और सड़क के बीचों-बीच खड़ा पेड़ (पत्रिका फोटो)

Bharatpur Road Accident News: जिस घर में महज नौ दिन बाद शहनाई की गूंज सुनाई देने वाली थी। वहां शनिवार शाम चीख-पुकार और मातम छा गया। बेटे की शादी की तैयारियों में जुटे 56 वर्षीय हीरालाल अपने हाथों से रिश्तेदारों को विवाह का निमंत्रण देने निकले थे। लेकिन अधूरी और असुरक्षित सड़क ने उन्हें घर लौटने का मौका नहीं दिया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

हादसा भरतपुर शहर के अछनेरा रोड स्थित गांव बझेरा के पास हुआ। यहां लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क किनारे खड़े पेड़, बिजली के पोल, खुले तार और अधूरी खुदाई राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि कई जगह पोल हटाए जाने के बाद भी उन्हें पूरी तरह जमीन से नहीं निकाला गया, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

रूंध इकरन निवासी हीरालाल पुत्र कालीचरण शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल से बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। इसी दौरान बझेरा के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, घर में 20 जुलाई को होने वाली शादी को लेकर उत्साह का माहौल था। रिश्तेदारों को बुलाने और शादी की तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था। हीरालाल भी बेटे की शादी को लेकर काफी खुश थे और निमंत्रण पत्र बांटने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। लेकिन हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं, जिस पिता को बेटे की बारात में सबसे आगे चलना था, उसकी अंतिम यात्रा पहले निकल गई।

लोगों ने उठाए निर्माण कार्य पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अछनेरा रोड पर सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का आरोप है कि महीनों पहले सड़क को खोद दिया गया, लेकिन इसके बाद न तो रास्ते को सुरक्षित बनाया गया और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। आए दिन वाहन चालक परेशान हो रहे हैं।

…काश दिया होता ध्यान

जिस जगह हादसा हुआ वहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य लंबे समय से चल रहा है। निर्माण के दौरान सड़क किनारे बिजली के पोल समय पर नहीं हटाए गए हैं। खास बात यह है कि जयपुर विद्युत वितरण निगम को पोल हटाने का पैसा भी जमा करा दिया है, लेकिन लापरवाही के चलते काम आगे बढ़ ही नहीं पा रहा है। इन सबके बीच यह मार्ग दुर्घटनाओं का न्यौता दे रहा है। यदि मार्ग पर इस तरह के अवरोध नहीं होते तो ताजा हादसा बच सकता था। लेकिन जिम्मेदारों ने इन सब पर ध्यान तक नहीं दिया। इस हादसे के बाद शायद निर्माण एजेंसी आंखें खोलेंगी।