10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Crime: व्यापारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, यूपी से दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में एक घायल

भरतपुर में व्यापारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो 25-25 हजार रुपए के इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लौट रही टीम पर भागने के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी भी घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
2 min read
Google source verification
Bharatpur Crime

Bharatpur Crime: अस्पताल में भर्ती बदमाश (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

भरतपुर। शहर में व्यापारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो 25-25 हजार रुपए के इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों आरोपियों पर सेवर थाना क्षेत्र में बर्तन व्यापारी चंद्रभान की गोली मारकर हत्या और चिकसाना थाना क्षेत्र में व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल पर जानलेवा फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी प्रवीण उर्फ बॉवी (35) और बलराम उर्फ बल्लू (21) निवासी कासौट, थाना सदर डीग, लंबे समय से फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कार्रवाई आईजी कैलाशचंद्र विश्नोई के सुपरविजन में गठित विशेष टीमों ने की।

5 लाख से भरा बैग लूटने के दौरान हत्या

दरअसल, 4 जुलाई की रात चिकसाना थाना क्षेत्र में मारुति नंदन बीएड कॉलेज के पास व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल पर लूट के इरादे से बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। गोली प्रमोद की पीठ में लगी और उनका इलाज चल रहा है। इसी दौरान सेवर थाना क्षेत्र में अनाह गेट निवासी बर्तन व्यापारी चंद्रभान से पांच लाख रुपए से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया था।

एक बदमाश पहले ही गिरफ्तार

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कीं। करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इससे पहले पुलिस 8 जुलाई को मामले में शामिल महेश उर्फ शैलू को गिरफ्तार कर चुकी थी। उसकी निशानदेही पर प्रवीण और बलराम की तलाश तेज की गई।

भरतपुर लाने के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। शुक्रवार तड़के उन्हें भरतपुर लाया जा रहा था। इसी दौरान नगला केवल गांव के पास लघुशंका के बहाने रुकी पुलिस टीम पर आरोपी प्रवीण ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और थानाधिकारी बृजेश कुमार मीणा पर दो राउंड फायर कर दिए। एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

एक बदमाश के पैर में गोली लगी

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रवीण के पैर में गोली लगी। वहीं भागने की कोशिश कर रहा बलराम पत्थर से टकराकर घायल हो गया। दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। आशंका है कि उनसे भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य लूट व फायरिंग की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। प्रवीण उर्फ बॉवी के खिलाफ पहले से हत्या समेत गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बड़ी खबरें

View All

भरतपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग