खुद को मनोज बताकर संपर्क किया था
भोपाल. मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी का विज्ञापन देने वाली एक युवती को झांसा देकर धोखेबाज ने हजारों रुपए की चपत लगा देगा। साइबर क्राइम थाने में बजरिया निवासी कंचन मांझी 26 वर्ष ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर योग्य वर की तलाश के लिए विज्ञापन जारी किया था। एक अज्ञात मोबाइल धारक ने खुद को मनोज बताकर उनसे संपर्क किया था। युवक ने बताया था कि वह दिल्ली की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर है एवं वह शादी करना चाहता है।
युवती ने बताया कि अज्ञात मोबाइल धारक में उससे बातचीत करना शुरू कर दिया और दोनों में दोस्ती हो गई। एक दिन आरोपी ने कहा कि उसकी मां की तबीयत ठीक नहीं है और उसे इमरजेंसी में कुछ रुपयों की जरूरत है। युवती ने लड़के के बताए गए खाते में 20 हजार रुपए जमा करवा दिए। बाद में उस लड़के का फोन आना बंद हो गया जिसके बाद लड़की ने काफी प्रयास किया। असफलता मिलने के बाद परिवार ने साइबर क्राइम थाने आकर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।