साथियों के साथ मिलकर बनाई थी फर्म
भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में फ्लैट के नाम पर चार करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमरीकुंज चूनाभट्टी निवासी एमपीएस (45) पिता एसएस गुलानी कांट्रेक्टर हैं। इन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर एक फर्म बनाई थी। ये लोग जमीन खरीदकर फ्लैट बनाकर बेचने का काम करते हैं। बाद में ये अलग हो गए।
इनके अलग होने के बाद इनके साथियों ने फर्जी दस्तावेज लगाकर फ्लैट बेच दिया। इसके साथ ही इनके अनुमति के बिना इनकम टैक्स रिटर्न भी भर दिया। एमएस गुलानी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इस मामले में थाने में शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में एसके आहूजा, सुनीता शिखा, सुकेश, हितेश, रोमिला, निखिल, साहिल, विनोद, सुरेश, रचना और अश्विन प्रकाश के खिलाफ धारा 420 सहित अन्य मामले में अपराध पंजीबद्ध किया है।
आरटीओ में मारपीट करने वाले एजेंट पर पांच हजार का इनाम
भोपाल में आरटीओ के बाबू के साथ मारपीट करने वाले एजेंट व उसके साथी पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। जानकारी के अनुसार कोलार निवासी चतुर्भुज राय (50) आरटीओ में बाबू हैं। ये बाहर से ट्रांसफर होकर आने वाली गाडिय़ों का टैक्स का काम देखते हैं। मंगलवार को एजेंंट कुलदीप और उसके साथी ने इनके साथ मारपीट की थी। इसमें बाबू के सिर में चोट लगी थी। पुलिस ने इस मामले में मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के तहत मामला दर्ज किया है।
मामा ने भांजी के साथ की छेडख़ानी
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक मामा ने अपनी भांजी के साथ छेडख़ानी की है। पुलिस ने मामा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामा की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती को उसका मामा इरसाद खान पिछले एक महीने से परेशान कर रहा था। वो उसे फोन कर अश्लील बातें करता था। गुरुवार को युवती अपने कमरे में बैठी थी। इस दौरान मामा आया और पीछे से पकड़ लिया। इस पर युवती ने जोर से चिल्लाना शुरू किया। शोर सुनकर बहन आ गई। बहन के आने के बाद आरोपी इरसाद वहां से भाग गया। बाद में पीडि़ता अपने परिवार के साथ थाने पहुंची और इसकी शिकायत की।