21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में प्रचंड गर्मी, इस जिले में 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित, 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट

Warm Night Alert: मध्यप्रदेश के कई शहरों में पारा 42 डिग्री के पास पहुंचा, मौसम विभाग ने पहली बार भोपाल सहित 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
Google source verification
Warm Night Alert

warm night alert heatwave schools closed maihar weather update

Warm Night Alert: मध्यप्रदेश में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है, तेज धूप और भीषण गर्मी (Scorching heat)का असर दिन के साथ-साथ रात में भी महसूस हो रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए मैहर जिले में 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने पहली बार प्रदेश के 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट (warm night alert) जारी किया है। ऐसे में आज रात संबंधित इलाकों में सबसे अधिक तापमान रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं अगर बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो में रिकॉर्ड किया गया। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि ग्वालियर में 42.5 डिग्री, दतिया में 42.3 डिग्री, सीधी-रतलाम में 42.2 डिग्री, श्योपुर-रीवा में 42 डिग्री, रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री, नरसिंहपुर में तापमान 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मैहर में 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित

भीषण गर्मी को देखते हुए मैहर जिले में नर्सरी से लेकर 5वीं तक के सभी स्कूलों में 21 अप्रैल से 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ये आदेश जारी किया है। कलेक्टर की ओर से जारी किया गया 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी का आदेश जिले के सभी सरकारी, प्राइवेट और सीबीएसई और केंद्रीय स्कूलों पर लागू होगा। साथ ही आदेश में ये भी स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक पूर्ववत जारी रहेंगी और शिक्षक दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहेंगे। पहले से तय परीक्षाएं और अन्य कार्यक्रम यथावत रहेंगे।

इन 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में पहली बार वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा हो जाता है, तो उसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। यह स्थिति तब बनती है जब रात का तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर बना रहे। इससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती और मौसम असामान्य रूप से गर्म बना रहता है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ ट्रफ लाइन एक्टिव

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते तीन दिन से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ ट्रफ की एक्टिविटी देखने को मिल रही है, जिसके चलते प्रदेशभर में बादल छाए हुए हैं। दक्षिणी हिस्से के जिलों में आंधी-बारिश हुई। वहीं, 23 अप्रैल को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, इसका असर मध्य प्रदेश में बेहद कम दिखाई देगा। ऐसे में अनुमान है कि, प्रदेश में अब लंबे समय तक गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।