लोकसभा चुनावों के नजदीक आते ही भाजपा ने सड़क पर उतरना शुरू...
भोपाल। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा की ओर से सरकार की घेराबंदी के लिए आंदोलन की शुरुआत कर दी है। जानकारों के अनुसार सरकार के खिलाफ किसी भी तरह का आंदोलन करने से भाजपा बचती रही है, लेकिन अब लोकसभा चुनावों के नजदीक आते ही कमलनाथ सरकार की नाकामियों को लेकर भाजपा ने सड़क पर उतरना शुरू कर दिया है।
लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था, कर्ज माफी समेत अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा शनिवार को प्रदेश भर में धिक्कार आंदोलन कर रही है। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता ने एकत्रित होने के बाद अब भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह के साथ कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच कर चुके हैं, यहां वे कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे। इस आंदोलन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
भोपाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, इंदौर में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और जबलपुर में गोपाल भार्गव इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार को उसकी वादा खिलाफी के प्रति हम बार-बार आगाह कर रहे हैं।
लेकिन सरकार मध्यप्रदेश की जनता को परेशान करने से बाज नहीं आ रही है। कई बार सरकार से किसानों की कर्जमाफी जैसे वादों पर अमल करने का आग्रह किया, लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी।
भाजपा का कहना है कि प्रदेश के नागरिकों की उपेक्षा भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। बीजेपी का कहना है कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ आम जनता को नहीं दे रही है। आरोप है कि कमलनाथ सरकार केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में रोक कर रही है, जिसकी वजह से बीजेपी के नेता आज कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
प्रदेश भर में भाजपा नेता बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर रहे हैं। भोपाल में प्रदर्शन के दौरान रामेश्वर शर्मा, विष्णु खरे, विलास वारानी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने कमलनाथ के इस्तीफे की मांग की। रामेश्वर शर्मा ने कहा दिग्विजय सिंह को मिग विमान में बांध कर सर्जिकल स्ट्राइक कराते, फिर दिग्विजय संजय बनकर धुतराष्ट्रों को बतायेंगे कि स्ट्राइक हुई है। सांसद आलोक संजर ने कमल नाथ को कलंक नाथ कहा।