भोपाल

मंत्री विजय शाह के विरोध प्रदर्शन में हादसा, कांग्रेस के 8 नेताओं पर दर्ज हुई एफआइआर

Roshni Yadav- एमपी के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के बयान के विरोध प्रदर्शन में हुए हादसे में कांग्रेस नेता फंस गए हैं।
2 min read
May 17, 2025
FIR against 8 including Congress spokesperson Roshni Yadav
Roshni Yadav

Roshni Yadav- एमपी के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के बयान के विरोध प्रदर्शन में हुए हादसे में कांग्रेस नेता फंस गए हैं। निवाड़ी में कांग्रेस के प्रदर्शन में पुतला दहन किया गया था जिसमें कुछ लोग झुलस गए थे। इस हादसे के बाद पुलिस ने 8 कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज कर लिया है। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता जब पेट्रोल डाल रहे थे तो आग भड़क गई। इससे आसपास खड़े कई लोग झुलस गए। एक प्रभावित की शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर एफआइआर दर्ज कर ली है। जिन नेताओं पर मामला दर्ज किया गया है उनमें कांग्रेस की प्रवक्ता रोशनी यादव भी शामिल हैं।

बीजेपी सरकार के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के विरोध में निवाड़ी में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के अंतर्गत अंबेडकर चौराहे पर मंत्री का पुतला दहन किया गया जिसमें हादसा हो गया। पुतला जलाते समय आग भड़क गई जिसमें आसपास के कई लोग उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

कांग्रेस नेता हबीब खान ने जैसे ही पुतले पर पेट्रोल डाला, वैसे ही आग भड़की और इससे आसपास के अनेक लोग झुलस गए।
इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता हबीब खान और रोशनी यादव समेत 8 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुक्रवार देर रात ये कार्रवाई की गई।

धारा 151/25 बीएनएस, 125, 125A, 190, 223 और 287 के तहत एफआइआर

पुलिस ने बताया कि कांग्रेस प्रवक्ता और जिला पंचायत सदस्य रोशनी यादव, हबीब खान, रमेश निराला, पुष्पेंद्र दांगी, कल्याण दांगी, अनूप बड़ोनिया, अनिल यादव और चंद्रभान दांगी पर केस दर्ज किया गया है। एसडीओपी मनमोहन बघेल ने बताया कि आरोपियों पर धारा 151/25 बीएनएस, 125, 125A, 190, 223 और 287 के तहत एफआइआर की गई है।

Updated on:
17 May 2025 02:57 pm
Published on:
17 May 2025 02:57 pm