भोपाल

एमपी में टेलीमेडिसिन पर जोर, बालरोग, स्त्रीरोग प्रसूति, मेडिसिन और सर्जरी विभागों में बड़ी सुविधा

Telemedicine- उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में शासकीय मेडिकल कॉलेज विदिशा की तीसरी सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न
2 min read
Mar 24, 2026
Major Boost to Gynecology and Obstetrics Services via Telemedicine in MP
Major Boost to Gynecology and Obstetrics Services via Telemedicine in MP

Telemedicine- एमपी में टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सा पर जोर दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण और सुविधाओं की कमी वाले क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। मरीजों को समय पर निदान और उपचार मिलता है, अस्पताल आने की दूरी और खर्च कम होते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक कवरेज सुनिश्चित होता है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज, विदिशा की सामान्य सभा की तीसरी बैठक में इसपर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सेवाओं की मजबूती, उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल शिक्षा और ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के सम्बंध में विमर्श कर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आवश्यक निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि शासन का लक्ष्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल शिक्षा देना और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का सतत प्रवाह सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में टेलीमेडिसिन जैसी आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग करके ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएँ एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की जाये।

विदिशा में बालरोग, स्त्रीरोग एवं प्रसूति, मेडिसिन और सर्जरी विभागों में सुविधा

सामान्य सभा की बैठक में टेलिमेडिसिन के लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया। मेडिकल कॉलेज विदिशा के डीन डॉ. मनीष निगम ने बताया कि शासकीय मेडिकल कॉलेज, विदिशा में बालरोग, स्त्रीरोग एवं प्रसूति, मेडिसिन और सर्जरी विभागों में यह सुविधा लगातार दी जा रही है। इससे ग्रामीण इलाकों में चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रिक्त पदों की प्राथमिकता से पूर्ति के निर्देश दिए, ताकि कॉलेज में प्रशासनिक और चिकित्सकीय कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, पूर्व वित्तीय वर्षों की ऑडिट रिपोर्ट, सामान्य परिषद की द्वितीय बैठक का पालन प्रतिवेदन और कार्यकारिणी समिति के निर्णयों का अनुमोदन किया गया। कॉलेज के इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए ऑडिटोरियम निर्माण और हॉस्टल सुविधा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। उपलब्ध बजट का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित कर चिकित्सा सेवाओं का सुदृढ़ीकरण किया जाए।

बैठक में उपाध्यक्ष सामान्य सभा एवं पशुपालन मंत्री और प्रभारी मंत्री लखन पटेल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्नवाल, अध्यक्ष कार्यकारिणी समिति मयंक अग्रवाल, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुणा कुमार, मेडिकल कॉलेज विदिशा के डीन डॉ. मनीष निगम सहित सामान्य सभा के सदस्य एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated on:
24 Mar 2026 09:35 am
Published on:
24 Mar 2026 09:34 am