
केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह, स्वर्गीय अरुण जेटली के साथ फोटो सोर्स : Shivraj Singh X
Arun Jaitley : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की आज पुण्यतिथि है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। अरुण जेटली का मध्यप्रदेश से भी गहरा नाता रहा, यहां के अनेक नेताओं से उनके मित्रवत संबंध रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनाने में उनका अहम योगदान था। सन 2005 में प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहटों के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के समर्थकों द्वारा कुछ हंगामा मचाए जाने की आशंका थी। ऐसे माहौल में अरुण जेटली पर्यवेक्षक बनकर भोपाल आए और बिना किसी खास दिक्कत के कुछ ही मिनटों में शिवराजसिंह चौहान को विधायकों ने नया नेता चुन लिया था।
सीएम मोहन यादव ने पुण्यतिथि पर स्वर्गीय अरुण जेटली को याद किया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा- भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्म विभूषण अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके प्रखर विचार, ओजस्वी वाणी एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भावी पीढ़ियों को सदैव देश भक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी पुण्यतिथि पर अरुण जेटली को याद किया। उन्होंने कहा कि जेटली से उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं। वे उद्भट विद्वान और कुशल वक्ता थे। उनके चेहरे पर तेज और वाणी में ओज था, सरस्वती उनकी जिह्वा पर विराजती थीं। किसी भी विषय पर उनके तथ्य और तर्क सुनकर लोग अवाक रह जाते थे।
शिवराजसिंह चौहान ने अरुण जेटली को अत्यंत विनम्र व मित्रता निभाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सच्चे राष्ट्र सेवक तथा मित्र के रूप में वह सदैव याद किए जाएंगे।
29 नवंबर 2005 को शिवराज सिंह चौहान ने जब बाबूलाल गौर की जगह मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उसमें सबसे अहम योगदान अरुण जेटली का ही था। पार्टी के अंदरूनी हालात और राजनीतिक घटनाक्रम के चलते प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन किया गया था। आलाकमान ने तब अरुण जेटली को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा और उन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभाई थी। बीजेपी विधायकों ने बिना किसी विरोध के शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नया नेता चुन लिया था। तब से दोनों नेताओं के बीच हमेशा घनिष्ठ राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे।
Updated on:
24 Aug 2026 11:00 am
Published on:
24 Aug 2026 11:00 am
