- वर्ष 2024-25 की कलेक्टर गाइडलाइन का प्रस्ताव एमपीआइजीआर.जीओवी.एन पर अपलोड,- वित्तिय वर्ष 2023-24 में जिले में प्रॉपर्टी की अच्छी खरीद फराेख्त हुई, इसका असर कलेक्टर गाइडलाइन पर देखने को मिला, बाजार में बूम
भोपाल. राजधानी में प्रॉपर्टी के क्षेत्र में हुई अच्छी खरीद फरोख्त और कई नए क्षेत्रों के विकसित होने का असर वर्ष 2024-25 की गाइडलाइन पर देखने काे मिल रहा है। वर्तमान कलेक्टर गाइडलाइन से अधिक दर पर हुई खरीद फरोख्त के आधार पर जिले में 1443 लोकेशनों पर जमीनों के रेट 5 से 95 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। एक अप्रेल से बढ़ी हुई दरें लागू होंगी। मंगलवार को कलेक्टोरेट में हुई जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में ये प्रस्ताव पास हो गया है। समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने अफसरों से रेट बढ़ाने का आधार पूछा और प्रस्ताव पास कर दिया। पंजीयन अफसरों ने अधिक दर पर रजिस्ट्री होना बताया। जिन क्षेत्रों में बढ़त की जा रही है, उसमें निगम सीमा में 1228 और ग्रामीण क्षेत्र में 215 लोकेशन हैं।
इन क्षेत्रों में हो रहा ज्यादा विकास-
इस समय राजधानी में लगभग 68 फीसदी स्थानों पर अच्छी रजिस्ट्री हो रही है, इसमें कई नए कमर्शियल क्षेत्र भी तैयार हो रहे हैं। इसमें 900 से ज्यादा लोकेशन हैं। प्रमुख लाकेशनों में बावडि़याकला, नर्मदापुरम, विद्या नगर, नीलबड़, रातीबड़, कटारा, 11 मील, जाटखेड़ी, सलैया, सैमरा रोड व अन्य क्षेत्र हैं। यहां अच्छी रजिस्ट्री हो रही हैं और ग्रोथ भी काफी अच्छी है। रिपोर्ट में 24 फीसदी की बढ़त ऐसे ही इलाकों को मिलाकर बताई गई है। इसे भी कलेक्टर गाइडलाइन की बैठक में रखा गया है।
ये क्षेत्र शहर में नए तैयार हो रहे
- भोपाल इंदौर रोड: पर कटीं कई कॉलोनी और हाल में बसे बाजार में हो रहीं अच्छी रजिस्ट्री से ये क्षेत्र वर्तमान में काफी ऊपर उठ गया है।
- अयोध्या बायपास रोड: इस रोड को हाल ही में सिक्स लेन बनाने की घोषणा हुई है, इससे इस क्षेत्र में काफी खरीद फरोख्त बढ़ी है। प्रॉपर्टी में पूछताछ भी शुरू हुई है।
- भोपाल बैरसिया रोड: ये क्षेत्र लांबाखेड़ा से शुरू हो रहा है, इससे आगे बैरसिया तक जाता है। यहां प्रॉपर्टी में अच्छा खास बूम देखने काे मिला है। यहां मौजूदा कलेक्टर गाइडलाइन की दर से कहीं ज्यादा पर सौदे हो रहे हैं। ग्रामीण लोकेशनों में सबसे ज्यादा इसी रोड की हैं।
औद्योगिक बेल्ट भी हो रही तैयार
राजधानी में अचारपुरा, बगरौदा के अलावा निवेश के लिए भी एक बेल्ट तैयार हो रही है। इसमें खजूरी, खोरी, बरखेड़ासालम, चंदूखेड़ी, कुराना, मनीखेड़ी, खामखेड़ा, चांदपुर भी है। कलेक्टर गाइडलाइन में इन लोकेशनों को भी रखा गया है। यहां पर भी बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गई है। हाल में यहां कई नए प्रोजेक्ट भी आए हैं।
क्षेत्र 23-24 24-25 बढ़ोतरी
मक्सी 10000000 12500000
नयापुरा 16800000 20000000
दीपड़ी 11000000 15000000
भैरोपुर 17600000 20000000
कटारा 17600000 25000000
बागली 17600000 20000000
बर्राई 17600000 20000000
बीडीए बर्राई 180000000 250000000
हिनौतिया आलम 16000000 20000000
ग्राम सनखेड़ी 20000000 25000000
ग्राम बंजारी 20000000 25000000