बीकानेर

बीकानेर में रोहित गोदारा गैंग के फरार हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत पर बड़ा एक्शन, देखते ही देखते जमींदोज हुआ अवैध ठिकाना

Bikaner Bulldozer Action: बीकानेर में रोहित गोदारा गैंग से जुड़े फरार हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत की अवैध संपत्तियों पर पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। 20 से अधिक संगीन मामलों के आरोपी हरिओम के अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। जिले में अब तक 16 हार्डकोर बदमाशों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
2 min read
Jul 17, 2026
Rohit Godara Gang History Sheeter Hariom Ramawat
फरार हिस्ट्रीशीटर हरिओम के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर (पत्रिका फोटो)

Rohit Godara Gang History Sheeter Hariom Ramawat: बीकानेर जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस और जिला प्रशासन ने गैंगस्टर रावताराम उर्फ रोहित स्वामी उर्फ रोहित गोदारा गैंग से जुड़े फरार हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

पुलिस के अनुसार, हरिओम रामावत के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा है।

सीओ हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई

गंगाशहर वृत्ताधिकारी हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की तहसीलदार आकांक्षा गोदारा सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही।

भारी पुलिस जाब्ता रहा तैनात

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाए गए और पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश

गंगाशहर सीओ हिमांशु शर्मा ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध कब्जों पर इसी तरह कार्रवाई कर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया जाएगा।

अब तक 16 के ​खिलाफ कार्रवाई

जिला पुलिस के अनुसार बीकानेर जिले में हार्डकोर व सक्रिय बदमाशों की अवैध संप​त्तियों के ​खिलाफ कार्रवाई करने का सिलसिला जारी है। अब तक 16 हार्डकोर, गैंगस्टर व सक्रिय बदमाशों की अवैध संपतियों पर जेसीबी चलाई जा चुकी है।

Updated on:
17 Jul 2026 07:42 pm
Published on:
17 Jul 2026 07:42 pm