बीकानरे जिले में चार दिन पहले नाबालिग छात्रा का शव मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाजसेवियों ने पीड़ित परिवार के लिए 80 लाख से अधिक की सहायता राशि जुटाई है।
बीकानेर/कोलायत। जिले के एक पुलिस थाना क्षेत्र में चार दिन पूर्व नाबालिग बच्ची का शव मिलने के बाद भड़का जनाक्रोश मंगलवार को जाकर शांत हुआ, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षेत्र में लगातार धरना-प्रदर्शन जारी था और परिजन व ग्रामीण पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से पहले गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब दस विशेष टीमों का गठन कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज की। लगातार चार दिनों तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मंगलवार सुबह पुलिस को सफलता मिली और कोलायत क्षेत्र निवासी आरोपी श्यामसुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के डिटेन होने की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद प्रशासन और पीड़ित पक्ष के बीच वार्ता हुई, जिसमें पीड़ित परिवार को विभिन्न सहायता उपलब्ध कराने पर सकारात्मक सहमति बनी। वार्ता के बाद नाबालिग बच्ची के पोस्टमार्टम पर भी सहमति बन गई और चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
प्रकरण के बाद पीड़ित परिवार की सहायता के लिए समाजसेवी भामाशाह आगे आए हैं। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 80 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि जुटाई जा चुकी है।
पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही ऐसे अपराधियों का सामाजिक बहिष्कार किए जाने की बात कही तथा व्यक्तिगत रूप से एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि गठित विशेष टीमों ने लगातार तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पहले डिटेन किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। चार दिन तक चले गतिरोध के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति से क्षेत्र में हालात सामान्य होने लगे हैं। हालांकि ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई है।