
फोटो पत्रिका नेटवर्क
बाड़मेर। नागाणा थानांतर्गत चौखला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
विवाहिता कविता की शादी लगभग 3 माह पूर्व चौखला गांव निवासी जसंवतसिंह पुत्र गोविन्दसिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। मृतका के भाई दिलीपसिंह पुत्र द्वारकासिंह रावणा राजपूत निवासी बाड़मेर गादान ने बताया कि कई बार समझाइश के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला और लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप करता तो उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में दहेज प्रताड़ना या अन्य अपराध की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
24 Feb 2026 03:06 pm
