12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिनदहाड़े वारदात से दहला बाड़मेर: परीक्षा केन्द्र से छात्र को उठा ले गए बदमाश, अंगुलियां तोड़ीं, नाखून उखाड़े

बाड़मेर जिले के जैसार गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र का स्कूल परिसर से अपहरण कर लिया गया।

2 min read
Google source verification

फोटो-वीडियो का स्क्रीनशॉट

बाड़मेर/चौहटन। जिले के जैसार गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र का स्कूल परिसर से अपहरण कर लिया गया। एसयूवी में सवार बदमाश सरेआम छात्र को पकड़कर जबरन वाहन में डाल फरार हो गए। बाद में उसे बेरहमी से पीटा गया, अंगुलियां तोड़ दीं और नाखून तक उखाड़ दिए। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पीड़ित छात्र प्रकाश कक्षा 12 का नियमित छात्र है। वह सोमवार को राजनीति विज्ञान की परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था। परीक्षा शुरू होने से पहले एक एसयूवी स्कूल परिसर में दाखिल हुई। उसमें सवार तीन-चार युवक उतरे और छात्र को पकड़ लिया। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन बदमाश उसे घसीटते हुए गाड़ी में डालकर फरार हो गए। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें छात्र ‘बचा लो, बचा लो’ चिल्लाता सुनाई दे रहा है। परिजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

सूचना मिलते ही बिजराड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर चार आरोपियों को जालोर के सायला से हिरासत में लिया है। आरोपी जैसार गांव निवासी नारणाराम, बजरंग, तेजपाल और लक्ष्मण से पूछताछ की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त एसयूवी भी जब्त कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार वारदात के पीछे कारण छेड़छाड़ का बताया जा रहा है।

बेरहमी की हदें पार, सड़क किनारे फेंककर फरार

अपहरण के बाद आरोपी छात्र को करीब दस किलोमीटर दूर रामसर थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसकी अंगुलियां तोड़ दी गईं और नाखून उखाड़ दिए गए। मारपीट के बाद आरोपी छात्र को सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। गंभीर घायल छात्र को चौहटन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

परिसर में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी अचानक हुई कि शिक्षक और छात्र-छात्राएं कुछ समझ ही नहीं पाए। शिक्षकों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों की आक्रामकता के आगे वे सफल नहीं हो सके। कई छात्राएं रोने लगीं और अभिभावकों में भय फैल गया।

सख्त कार्रवाई करेंगे

मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा वारदात के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नरेंद्रसिंह मीना, एसपी, बाड़मेर

स्कूल प्रशासन ने दी तत्काल सूचना

घटना के समय मैं एक स्टाफ सदस्य के साथ परीक्षा सामग्री लेने थाने गया था। स्कूल में एक महिला सहित दो स्टाफ मौजूद थे। उन्होंने छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों की संख्या अधिक होने से वे सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

भंवरलाल मायला, केंद्राधीक्षक