
कर्पूरचंद कुलिश जन्म जयंती शताब्दी वर्ष उपलक्ष में सेमिनार आयोजित
टेक्नोलॉजी की दुनिया में तेजी से हो रहे बदलाव के बीच अब बाड़मेर के युवा पीछे नहीं है। डिजिटल क्रांति की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र श्रीश्रीमाल ने रविवार को नगर में राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचंद कुलिश जन्म जयंती शताब्दी वर्ष उपलक्ष में स्वीजीत हब के सेंटर फॉर एक्सीलेंस पर स्वीजीत हब व सुरक्षा मित्र जन कल्याण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेमिनार में यह बात कही। एआइक्रिएटर के जरिए अपने खुद के गेम और ऐप बनाए विषय पर आयोजित नि:शुल्क सेमीनार में में विद्यार्थियों ने भाग लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से स्वयं गेम, ऐप बनाना सीखा।
नरेंद्र श्रीश्रीमाल ने कहा कि राजस्थान पत्रिका एक प्रगतिशील विचारधारा का समाचार पत्र है। समाज के हर पहलू को यह छूता है। इस तरह के रचनात्मक कार्य से छात्रों को शिक्षा के साथ प्रेरणा मिलेगी। एआइ व चैटजीपीटी एक्सपर्ट छगनलाल बोथरा ने कहा कि बाड़मेर के युवा नई सोच रखते हैं। अब बाड़मेर के युवा केवल गेम खेलने नहीं, बल्कि गेम बनाते हैं। युवा टेक्नोलॉजी के उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता बनें। अब सिर्फ गेम खेलने का समय नहीं है, बल्कि खुद का गेम और ऐप बनाने का समय है।
एआइ पावरफुल डेवलपमेंट पार्टनर
एआइ आज केवल जवाब देने वाला टूल नहीं, बल्कि पावरफुल डेवलपमेंट पार्टनर है।उन्होंने बताया कि गूगल एआई स्टूडियो जैसे प्लेटफॉर्म से बिना जटिल कोडिंग सीखे भी डिजिटल प्रोडक्ट तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को लाइव डेमो में सही प्रॉम्प्ट लिखकर गेम का कोड तैयार करना, स्कोर-लेवल जोड़ना ,आकर्षक यूआइ डिजाइन बनाना सिखाया। प्रतिभागियों ने छोटे-छोटे गेम व एप मॉडल तैयार किए। सेमीनार में भाग लेने वाली छात्रा खुशी जैन, मदनलाल लूनिया, शुभम जैन ने आयोजन की सराहना की। कहा कि इस तरह के सेमीनार आयोजनों से छात्रों को प्रेरणा मिलती है। राजस्थान पत्रिका एक संपूर्ण समाचार पत्र है, इसके समाज के हर वर्ग से संबंधित समाचारों का समावेश है। उन्होंने पत्रिका के आयोजन की सराहना की। सेमिनार में निशांत, रौनक सिंघवी, खुश माहेश्वरी, जसराज सेठिया सहित बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।
Updated on:
23 Feb 2026 12:09 am
Published on:
23 Feb 2026 12:09 am
