24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 2 की मौके पर मौत, 8 लोग घायल

पुलिस के अनुसार सभी श्रद्धालु झुंझुनूं जिले के गोढ़ा खेड़ा गांव के निवासी थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में राव भास्कर (25) और मनरूप (52) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

less than 1 minute read
Google source verification

सीकर

image

Kamal Mishra

Feb 24, 2026

Khatushyam accident

फोटो-पत्रिका

सीकर। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। पलसाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर लढाणा पुलिया के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार देर रात करीब एक बजे हुआ। सूचना मिलते ही रानोली थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल पलसाना के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से छह गंभीर घायलों को सीकर के एसके अस्पताल रेफर किया गया। दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

एक ही गांव के थे सभी श्रद्धालु

पुलिस के अनुसार सभी श्रद्धालु झुंझुनूं जिले के गोढ़ा खेड़ा गांव के निवासी थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में राव भास्कर (25) और मनरूप (52) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दोनों के शव पलसाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

ये लोग हुए घायल

घायलों में दिव्या (20), मीनू (23), सुमेर सिंह (52), सुमन (35), मनीष (20), ईशान (18) और पूनम (35) सहित अन्य शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।

लक्खी मेला के चलते भीड़ बढ़ी

इन दिनों खाटूश्यामजी में प्रसिद्ध लक्खी मेला चल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि ट्रॉली के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तेज गति या संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।