23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sikar News: सीकर जिले में महिला लिंगानुपात में बड़ी गिरावट, विधानसभा अनुसार सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

एसआइआर के बाद जारी मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में सीकर जिले में महिला लिंगानुपात का चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Santosh Trivedi

Feb 23, 2026

female sex ratio in Sikar

सीकर जिले में दो साल में 15 अंक गिरा महिला लिंगानुपात, मतदान में आगे रहने वाली महिलाओं की संख्या घटी

सीकर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद जारी मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में सीकर जिले में महिला लिंगानुपात का चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है।

16 दिसंबर को जारी ड्राफ्ट रोल के मुकाबले जिले में अब भले ही महिला मतदाताओं का अनुपात सुधरा है, लेकिन दो साल पहले हुए लोकसभा चुनाव की तुलना में इसमें बड़ी गिरावट दर्ज हुई है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में 1 हजार पुरुष मतदाता के मुकाबले 915 महिला मतदाता थी, जो अब घटकर 900 रह गई है।

मतदान में आगे रहने वाली महिलाओं के अनुपात में 15 अंकों की ये गिरावट सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

यूं आया बदलाव

लोकसभा चुनाव 2024 में जिले में कुल 21 लाख 15 हजार 270 मतदाता थे। इनमें 11 लाख 56 हजार 940 पुरुष और 10 लाख 58 हजार 330 महिला मतदाता शामिल थीं। उस समय प्रति 1000 पुरुष पर 915 महिला मतदाता थी।

एसआइआर के बाद जारी अंतिम सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 21 लाख 63 हजार 449 दर्ज की गई है। इनमें 11 लाख 38 हजार 925 पुरुष और 10 लाख 24 हजार 524 महिला मतदाता हैं। इस प्रकार अब प्रति 1000 पुरुषों पर महिला मतदाता घटकर 900 रह गई हैं।

ड्राफ्ट रोल से ज्यादा

16 दिसंबर को जारी ड्राफ्ट रोल में लिंगानुपात अनुपात 897 था। अंतिम प्रकाशन में यह बढ़कर 900 हो गया। इससे ड्राफ्ट रोल की तुलना में तो तीन अंकों का सुधार हुआ है, लेकिन 2024 के आंकड़ों से अनुपात काफी फिसल गया।

विधानसभा वार सभी जगह कमी

लोकसभा चुनाव 2024 के मुकाबले सीकर जिले की सभी विधानसभाओं में महिला लिंगानुपात में गिरावट दर्ज की गई है। फतेहपुर में यह 918 से घटकर 904, लक्ष्मणगढ़ में 947 से 919, धोद में 933 से 915 और सीकर में 913 से 899 हो गया है। दांतारामगढ़ में 926 से 913, खंडेला में 906 से 893, नीमकाथाना में 885 से 874 और श्रीमाधोपुर में 891 से 879 पर आ गया है।

मतदान में आगे, परिणाम में निर्णायक रहती है महिलाएं

महिला मतदाताएं जिले के हर चुनाव में पुरुषों से ज्यादा भूमिका निभाकर निर्णायक भूमिका निभाती रही हैं। पिछले चुनावों की ही बात करें तो लोकसभा चुनाव में पुरुषों के 56.26 के मुकाबले महिलाओं का मतदान प्रतिशत 58.92 और विधानसभा चुनाव में पुरुषों के 75.55 की तुलना में 75.72 फीसदी रहा था। ऐसे में लिंगानुपात में आई यह गिरावट राजनीतिक दलों के लिए चिंता व चिंतन का विषय बन सकती है।