बीकानेर

बीकानेर व ओजराव में होगा कला, संस्कृति का आदान-प्रदान, बढेंगे एक साथ कदम

पोलेण्ड के शहर ओजराव और बीकानेर शहर में लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर हुए है। अब दोनों शहर कला, संस्कृति, खेल, पर्यटन विकास आदि क्षेत्रों में एक दूसरे का सहयोग करेंगे। ओजराव के मेयर व निगम मेयर ने लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए।

2 min read
Sep 29, 2024

बीकानेर.पोलेंड के शहर ओजराव और बीकानेर में अब कला, संस्कृति का आदान-प्रदान होगा। शिक्षा, खेल आदि क्षेत्रों में एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दोनों शहर एक साथ मिलकर कार्य करेंगे। इस संबंध में रविवार को बीकानेर नगर निगम और ओजराव निगम के बीच लेटर ऑफ इंटेट पर हस्ताक्षर हुए। बीकानेर निगम महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित और ओजराव मेयर पावेव केंसलर ने लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए व लेटर का आदान प्रदान किया। इस दौरान निगम उप महापौर राजेन्द्र पंवार, आयुक्त मयंक मनीष, उपायुक्त यशपाल आहूजा, ओजराव के डिप्टी मेयर व डेलिगेट्स मौजूद रहे। इससे पहले ओमजराव मेयर, डिप्टी मेयर और डेलिगेट्स का नगर निगम पहुंचने पर बैंड की मधुर स्वर लहरियों से स्वागत किया गया। ओजराव मेयर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। निगम सभागार में हुए कार्यक्रम के दौरान कई पार्षद व शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भविष्य में दोनों शहर साथ-साथ आगे बढेंगे

निगम सभागार में हुए कार्यक्रम में महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने कहा कि मेरे कार्यकाल का यह स्वर्णिम अवसर है कि हमें शहर को नवाचार और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग के लिए दोनों शहरों के बीच लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर हुआ है। हम चाहेंगे की भविष्य में बीकानेर और ओजराव दोनो शहर साथ साथ आगे बढ़ें और आज जो रिश्ता बना है दोनों देशों के शहरों में वो निरंतर बना रहे।

स्वागत से अभिभूत- आज से बीकानेर मेरा दूसरा घर होगा

ओजराव मेयर पावेव नगर निगम में भारतीय संस्कृति अनुसार हुए स्वागत से अभिभूत नजर आए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज से बीकानेर मेरा दूसरा घर होगा। जिस प्रकार से स्वागत हुआ है और बीकानेर ने हमें अपनाया है, ऐसा लग ही नहीं रहा है कि हम पहली बार बीकानेर आए है। बीकानेर और ओजराव को हम ट्विन सिटीज के रूप में विकसित करेंगे। दोनों शहर अपनी संस्कृति के आदान प्रदान के साथ शहरों नागरिकों के बेहतर भविष्य के साथ आगे बढेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर