बीकानेर

Rajasthan: लड़की के रिश्ते को लेकर विवाद में पिता, बेटे और साले की हत्या, 10 नामजद आरोपी; मौलाना पर भी गंभीर आरोप

Bikaner Triple Murder: राजस्थान के बीकानेर जिले में विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद को शांत करने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान ही बात इतनी बिगड़ गई कि देखते ही देखते ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी गई।
2 min read
Jul 16, 2026
Bikaner Triple Murder-5
रिश्ते की रंजिश में तीन लोगों की हत्या। पत्रिका फाइल फोटो

बीकानेर। छतरगढ़ थाना क्षेत्र में लड़की के रिश्ते को लेकर चल रहे विवाद में पिता-पुत्र सहित परिवार के तीन जनों की चाकू-छुरे से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात छतरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हुई जब दोनों पक्ष मामले के निपटारे के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस ने चार जनों को राउंडअप किया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से लड़की का रिश्ता करने और नहीं करने को लेकर विवाद चला आ रहा था।

दो दिन पहले समाज के पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायती भी हुई थी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। गुरुवार को एक पक्ष फिर रिश्ते के लिए दबाव बन दबाव बनाने पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने धारदार चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में जिंदू खां, उसके बेटे करीम खां, जिंदू खां के साले अलीशेर की मौत हो गई। माहौल को देखते हुए अस्पताल और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया।

पंचायत भी नहीं सुलझा सकी विवाद

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से रिश्ते को लेकर तनाव था। इसे खत्म करने के लिए दो दिन पहले गांव में पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। गुरुवार को दोबारा बातचीत की कोशिश खूनी संघर्ष में बदल गई।

चार डिटेन, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने मामले में चार लोगों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी सिकंदर, माशूक और रहमत अली की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक अलीशेर के बेटे रफीक खां ने गुलाब नबी, याकूब अली, बरकत अली, नूर मोहम्मद, अकरम, रहमत अली, माशुक, अल्ताफ, सिकंदर तथा चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

परिवादी ने रिपोर्ट में आरोपी अकरम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार अकरम छतरगढ़ में मौलाना है और उसने कम समय में करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। उस पर गैरकानूनी तरीके से विदेशी राशि प्राप्त करने तथा पूरे घटनाक्रम का मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात। फोटो: पत्रिका

गांव में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह धालीवाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर खाजूवाला, पूगल और दंतौर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Updated on:
17 Jul 2026 07:09 am
Published on:
16 Jul 2026 01:50 pm