बीकानेर

Bikaner: जाति प्रमाण-पत्र पर साइन नहीं किए तो प्रिंसिपल की बेरहमी से पिटाई, फेंकी चाय की भगोनी फिर लाठी-डंडे से मारा, वीडियो वायरल

Youth Beat Principle: बीकानेर में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जाति प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर आरोपियों ने पहले चाय की भगोनी फेंकी और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
2 min read
Feb 24, 2026
फोटो: पत्रिका

Rajasthan Viral Video: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव कुनपालसर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जाति प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने से नाराज युवक ने स्कूल परिसर में प्रधानाचार्य पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

अधूरे दस्तावेज लाने पर शुरू हुआ तजा विवाद

प्रधानाचार्य किसनाराम डेलू ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी जगदीश प्रसाद पुत्र सोहनराम मेघवाल स्कूल पहुंचा और जाति प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर करने की मांग की। प्रधानाचार्य ने नियमानुसार दस्तावेज पूर्ण भरकर लाने के लिए कहा।

करीब सवा एक बजे रामचंद्र पुत्र पुसाराम मेघवाल फार्म लेकर स्कूल आया, लेकिन वह भी अधूरा था। जब प्रधानाचार्य ने दोबारा प्रक्रिया पूरी करने को कहा तो मामला तूल पकड़ गया।

नशे में गाली-गलौज, धक्का देकर गिराया

आरोप है कि रामचंद्र ने नशे की हालत में गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते प्रधानाचार्य को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। पास में रखा चाय का टोपिया उठाकर उन पर फेंक दिया जिससे उनके हाथ में गहरी चोट आई।

शोर सुनकर स्टाफ सदस्य विनोद कुमार पूनियां मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी बाहर निकल चुका था। बाहर पहले से मौजूद मुन्नीराम पुत्र मोतीराम सिहाग के साथ मिलकर फिर से विवाद शुरू हो गया।

गेट पर लाठी से किया हमला

बताया गया कि गेट पर गाली-गलौज के बीच समझाने की कोशिश कर रहे प्रधानाचार्य पर लाठी से वार कर दिया जिससे उनके पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक संगठनों ने घटना को शिक्षा व्यवस्था पर हमला बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू की अगुवाई में निजी स्कूल संचालकों ने भी रोष जताया है।

Updated on:
24 Feb 2026 12:18 pm
Published on:
24 Feb 2026 12:18 pm