Bilaspur News: त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बिलासपुर जिला पंचायत के 17 क्षेत्रों में चुनकर आए सदस्यों का फैसला आ चुका है। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित है।
Zila Panchayat Adhyaksh Chunav 2025: त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव अब 8 मार्च को जिला पंचायत कार्यालय में होगा। पहले यह 5 मार्च को होना था, जिसे अपरिहार्य कारणों से आगे बढ़ा दिया गया है। बिलासपुर जिला पंचायत में इस बार 17 सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जिनमें भाजपा के 9, कांग्रेस के 4 और 4 निर्दलीय हैं। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित है। एक अन्य सदस्य को उपाध्यक्ष पद के लिए भी चयनित किया जाएगा।
चार जनपदों में अध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। 100 सदस्य निर्णायक भूमिका में हैं। प्रत्येक ब्लॉक में एक जनपद अध्यक्ष व एक उपाध्यक्ष बनाने के लिए 25 सदस्य वोट करेंगे, ऐसे में कुल 4 अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। जनपद चुनाव में निर्दलीयों ने बड़ी संख्या में जीत हासिल की है, जिससे निर्दलीय सदस्यों को साधने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
जिले के चारों ब्लॉकों में बिल्हा, तखतपुर और कोटा ब्लॉक में जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का 4 मार्च को चुनाव होगा, जबकि मस्तूरी के जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 6 मार्च को कराया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
5 मार्च को होने वाला जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव अब आगे बढ़ाते हुए 8 मार्च को निर्धारित किया गया है। इसी तरह 4 मार्च को केवल 3 ब्लॉक यानी बिल्हा, तखतपुर और कोटा में जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होगा, जबकि मस्तूरी में यह चुनाव 6 मार्च को होगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। - संदीप अग्रवाल, सीईओ जिपं