बिलासपुर

बिलासपुर में इतना पानी की कॉलोनी में चलने लगी नाव, कलेक्टर बंगला समेत कई इलाके डूबे, ट्रेनें रद्द

Chhattisgarh Rainfall: बिलासपुर में हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाके ढूब गए हैं। SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर 40 लोगों को बचाया है। इधर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनें प्रभावित हुई है..
3 min read
Chhattisgarh rainfall
SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर 40 लोगों को बचाया ( Photo - Patrika )

Bilaspur Rainfall: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। SDRF की टीम लगातार पानी में फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है। सरकंडा और चांटीडीह के नीचले इलाके से 40 से अधिक लोगों का बचाया गया है। भारी बारिश से कलेक्टर बंगले में भी पानी भर गया। जहां नगर निगम की टीम जल निकासी में जुटी हुई है।

Chhattisgarh Rainfall: कई प्रमुख सड़कें डूबी

गुरुवार दोपहर से जारी लगातार बारिश से शहर की जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। रात में मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। लगातार तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़के डूब गई। इधर कई मोहल्लों, कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। कई जगह सड़क और नाले का अंतर खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। कई ट्रांसफॉर्मर जलमग्न हो गए हैं।

कई ट्रेनें प्रभावित

बारिश के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर पानी भर गया। जिसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पांच मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि तीन ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है। इनमें ट्रेन नंबर 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू, ट्रेन नंबर 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68746 रायपुर-बिलासपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68745 बिलासपुर-रायपुर मेमू है।

3 ट्रेनों का बदला संचालन

68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू को चांपा स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया।
68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू अब चांपा स्टेशन से रायगढ़ के लिए रवाना होगी।
68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू को दाधापारा स्टेशन से ही वापस रायपुर के लिए रवाना किया गया।

स्कूलों में छुट्टियां

जिला प्रशासन ने बारिश बारिश के चलते बिगड़े हालात को देखते हुए बिलासपुर के कई स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। घरों, इलाकों के अलावा नेशनल हाइवे में भी सड़क के उपर से पानी बह रहा है। नेशनल हाइवे Nh-49 मस्तूरी बिलासपुर के पास पानी अधिक होने से कई वाहन सड़क पर फंस गए हैं। बारिश के चलते हाइवे पर लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित हो गया है।

लीलागर नदी का कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर, आवागमन प्रभावित

लगातार हो रही बारिश के कारण लीलागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर स्थित कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया है। यह पुल बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। जलस्तर बढ़ने के कारण पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पुल पार करने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है। जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

यातायात पुलिस ने किया अलर्ट

भारी बारिश के चलते बिगड़े हालात पर बिलासपुर यातायात पुलिस ने सफर करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने जलभराव वाले जगहों को लेकर एक पोस्टर जारी किया है। जिसके चलते लोगों को अलर्ट किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक बिलासपुर जिले में 325.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत का 92.4 प्रतिशत है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

Updated on:
17 Jul 2026 04:21 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:21 pm