बिलासपुर

बिलासपुर में मूसलाधार बारिश से स्कूलों में छुट्टी, जांजगीर का बीडीएम मोहल्ला बना टापू, रायगढ़ में एक की मौत

Chhattisgarh Monsoon: मानसून का नया सिस्टम एक्टिव होने से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बीती रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। बिलासपुर संभाग के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं..
3 min read
Bilaspur Monsoon, Chhattisgarh Monsoon
NH-49 मस्तूरी बिलासपुर के पास सड़क के ऊपर पानी। ( Photo - patrika )

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के जिलों में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने कोहराम मचाया है। कहीं घरों में घुटनों तक पानी भर गया है तो कहीं पूरा मोहल्ला टापू बन गया है। गरज-चमक के साथ हो रही बारिश के चलते एक मौत की भी खबर है। बिलासपुर शहर में श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई इलाकों की सड़कों और घरों में पानी भर गया। हालात ऐसे है कि लोग रात भर से सोए नहीं। दूसरी ओर नगर निगम के बाढ़ अमले का पता नहीं। बता दें कि बीती रात 11 बजे से लगातार बारिश का दौर जारी है।

Chhattisgarh Monsoon: कई स्कूलों में छुट्टियां

जिला प्रशासन ने बारिश बारिश के चलते बिगड़े हालात को देखते हुए बिलासपुर के कई स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। घरों, इलाकों के अलावा नेशनल हाइवे में भी सड़क के उपर से पानी बह रहा है। नेशनल हाइवे Nh-49 मस्तूरी बिलासपुर के पास पानी अधिक होने से कई वाहन सड़क पर फंस गए हैं। बारिश के चलते हाइवे पर लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित हो गया है।

घरों में घुसा पानी, पुलिस थाना बना तालाब, खेत खलिहान लबालब

इध जांजगीर चांपा में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बीती रात से जिले भर में बारिश का सिलसिला जारी है। इससे जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। नदी नाले उफान पर आ गए हैं। खेत खलिहान जलमग्न हो गए हैं। जांजगीर शहर का बीडीएम मोहल्ला टापू बन गया है, घरों में पानी घुस रहा है। पामगढ़ में थाना परिसर ही तालाब बन गया है. इधर सुबह से बारिश जारी है।

रायगढ़ में एक की मौत

रायगढ़ में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से प्रभा एक्का (55) की मौत हो गई। वह जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं, तभी अचानक मौसम बदला और बिजली की चपेट में आ गईं। इधर मौसम विभाग ने अलगे 7 दिनों तक भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी किया है।

कहां-कहां हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे में शंकरगढ़ व कुसमी में मूसलाधार बारिश हुई। वहां 9-9 सेमी पानी बरस गया। चांदो में 8, पटना में 6, सामरी में 5, बलरामपुर, दौरा कोचली में 4, बोरई, बिहारपुर, कोटो, रामानुजनगर, मरवाही, अंबिकापुर में 3-3 सेमी बारिश हुई। कई स्थानों पर 1 से 2 सेमी पानी बरस गया। प्रदेश में अब तक 261.8 मिमी पानी गिर चुका है, जो सामान्य से 31 फीसदी कम है। अब तक 382.2 मिमी बारिश हो जानी थी। रायपुर जिले में 303.4 मिमी पानी गिरा है, जो सामान्य है। आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।

Updated on:
17 Jul 2026 11:52 am
Published on:
17 Jul 2026 11:51 am