
नई दिल्ली | बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबरॉय (Vivek Oberoi) के घर पर बेंगलुरु के ड्रग्स केस (Drugs Case) को लेकर छापा मारा गया। गुरुवार को पुलिस ने उनके घर पर तलाशी ली। दरअसल, विवेक ओबरॉय के साले आदित्य अलवा (Aditya Alwa) का नाम ड्रग मामले में सामने आ चका है और वो फरार बताए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में केस की जांच करते हुए पुलिस विवेक के घर भी पहुंच गई। आदित्य को पुलिस ढूंढ रही है लेकिन उनका अभी कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस आदित्य को ढूंढते हुए विवेक के मुंबई में जुहू वाले घर पहुंची और छानबीन की। आदित्य के नाम पर कोर्ट ने वारंट जारी कर दिया है और अब क्राइम ब्रांच की टीम बंगलूरू (Bengaluru) से मुंबई पहुंच गई है।
विवेक के साले को ढूंढते हुए पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारी ने अपने बयान में बताया कि उन्हें अलवा के विवेक के घर में छुपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने विवेक के घर पर छापेमारी की। गौरतलब हो कि आदित्य अलवा, विवेक ओबेरॉय के साले हैं और इसीलिए पुलिस हर एंगल से मामले में जांच भी कर रही है। आदित्य पर ड्रग्स का धंधा करने के आरोप लगे हैं। वो कर्नाटक के पूर्व मंत्री जीवाराज अल्वा के बेटे हैं।
कन्नड़ सिनेमा को ड्रग सप्लाई करते थे आदित्य अलवा
कुछ दिनों पहले कन्नड़ एक्टर्स ड्रग मामले में फंसे थे। जिनमें एक्ट्रेस रागिनी द्विवेदी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक, आदित्य कन्नड़ सिनेमा के कलाकारों को ड्रग्स सप्लाई करते थे। रागिनी को सैंडलवुड ड्रग रैकेट (Sandalwood Drug case) केस में गिरफ्तार करने के बाद उनका डोप टेस्ट भी कराया गया था। जहां उन्होंने हेर-फेर करने की कोशिश की थी।
सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद सामने आया ड्रग मामला
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद ड्रग एंगल सामने आया था। जिसकी गाज पहले बॉलीवुड इंडस्ट्री पर गिरी थी। उसके बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री से भी अलग-अलग नाम सामने आने लगे। टीवी इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं रही। बॉलीवुड की बड़ी एक्ट्रेसेस दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह जैसी अभिनेत्रियों से एनसीबी ने पूछताछ की थी। सभी ने ड्रग का सेवन करने से इंकार कर दिया था।