
Dhamaal 4 Box Office Collection Day 3: अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया है। 10 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज तीन दिनों में 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते हुए पूरी 'धमाल' फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग अपने नाम कर ली है। दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स और रविवार को आई बड़ी उछाल ने फिल्म की कमाई को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, 'धमाल 4' ने पहले तीन दिनों में भारत में करीब 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 78 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जहां से लगभग 14 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 92 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म ने पहले दिन यानी शुक्रवार को करीब 14 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। दूसरे दिन शनिवार को दर्शकों की संख्या बढ़ी और कमाई सीधे 22.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। रविवार को फिल्म ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 28.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यानी रिलीज के तीसरे दिन ही फिल्म ने अपने पहले दिन के मुकाबले लगभग दोगुनी कमाई दर्ज की।
कमाई के साथ-साथ सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी भी लगातार बढ़ती गई। पहले दिन जहां थिएटर ऑक्यूपेंसी लगभग 24 प्रतिशत रही, वहीं शनिवार को यह बढ़कर 35 प्रतिशत तक पहुंच गई। रविवार को फिल्म ने करीब 44 प्रतिशत की औसत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। खास बात यह रही कि शाम के शो में कई शहरों में सीटें लगभग भर गईं, जिससे साफ संकेत मिला कि वीकेंड पर फैमिली ऑडियंस ने फिल्म को पसंद किया।
'धमाल' सीरीज की शुरुआत साल 2007 में हुई थी। पहली फिल्म ने अपने शुरुआती वीकेंड में करीब 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद आई 'डबल धमाल' ने लगभग 22 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग दर्ज की। साल 2019 में रिलीज हुई 'टोटल धमाल' ने पहले वीकेंड में करीब 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। अब 'धमाल 4' ने 65 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इन सभी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बना लिया है।
हाल ही में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने अपने पहले वीकेंड में लगभग 63.75 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया था। लेकिन 'धमाल 4' उससे भी थोड़ा आगे निकल गई है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी फिल्मों की रेस में फिलहाल अजय देवगन की फिल्म ने बढ़त बना ली है।
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन के अलावा रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन, संजीदा शेख, अंजलि आनंद और ईशा गुप्ता जैसे कलाकार नजर आए हैं। फिल्म एक बार फिर खजाने की तलाश और हास्य से भरपूर घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है।
हालांकि समीक्षकों से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन दर्शकों का प्यार बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने शानदार कमाई दर्ज कर ली है।
'धमाल 4' की शानदार शुरुआत के बाद मेकर्स ने ये भी साफ कर दिया है कि फ्रेंचाइजी यहीं नहीं रुकने वाली। फिल्म की सफलता को देखते हुए 'धमाल 5' पर काम शुरू कर दिया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में 'धमाल 4' 100 करोड़ क्लब में कितनी जल्दी एंट्री करती है।