
Govinda On Sunita Ahuja In Lock Upp: गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने रियलिटी शो 'लॉकअप 2: सच या सजा' में अपने और गोविंदा के रिश्ते को लेकर खुलासे किए थे। उन्होंने सीधे तौर पर ना सही लेकिन ये जरूर बता दिया था कि एक्टर के कई अफेयर रहे हैं और उन्हें प्यार में धोखा भी मिला है। हालांकि सुनीता ने ये भी कहा था कि फिर भी गोविंदा से हमेशा प्यार करती रहेंगी। अब इसी बीच गोविंदा ने सोमवार को अपनी फिल्म रूपा का ऐलान किया। इस दौरान उनसे पत्नी सुनीता को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोविंदा से सवाल किया गया कि आपके और सुनीता की जोड़ी को काफी पसंद किया गया। वो इसके बारे में क्या कहना चाहते हैं। गोविंदा ने पहले तो इस सवाल का जवाब हंसते हुए सिर्फ इतना दिया कि मैं धन्यवाद करता हूं। इसके बाद रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि आपने सुनीता जी को क्या कुछ टिप्स दिए। इस सवाल के जवाब को गोविंदा ने पूरी तरह से इग्नोर करते हुए कहा कि मैं सिर्फ रूपा के बारे में ही चर्चा करना चाहता हूं क्योंकि उसके बाहर बहुत सारी चर्चाएं फिर हो जाएंगी।
गोविंदा अब अपनी अपकमिंग फिल्म 'रूपा' के जरिए बॉलीवुड में कमबैक करने जा रहे हैं। हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस फिल्म का ऐलान किया। इस दौरान नई अभिनेत्री रानी स्वर्णकार को भी लॉन्च किया गया, जो फिल्म में गोविंदा के साथ नजर आएंगी। खास बात यह है कि इस फिल्म को गोविंदा खुद भी प्रोड्यूस कर रहे हैं।
कमबैक को लेकर गोविंदा ने कहा कि जिंदगी में उन्हें कई बार नजरअंदाज किया गया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उनका कहना है कि हर मुश्किल ने उन्हें पहले से ज्यादा मजबूत बनाया। उन्होंने विश्वास जताया कि 'रूपा' दर्शकों के दिलों तक पहुंचेगी और खासकर युवाओं को अपने सपनों के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि हर इंसान को अपने सपनों पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि मेहनत और विश्वास से उन्हें पूरा किया जा सकता है। आपको बता दें ऐसा कहा जा रहा है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा के बीच कुछ भी ठीक नहीं है।