बॉलीवुड

‘शुगर डैडी’ से लेकर ‘गोविंदा जैसा पति नहीं चाहिए तक’, सुनीता आहूजा के पति को लेकर अब तक 5 शॉकिंग बयान

Sunita Ahuja-Govinda Divorce Controversy: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर पिछले कई दिनों से तनातनी चल रही है। अब सुनीता ने कोर्ट पहुंचकर गोविंदा के साथ डिवोर्स केस वापस ले लिया है।
3 min read
Aug 19, 2026
Sunita Ahuja-Govinda Divorce Controversy
सुनीता आहूजा-गोविंदा (फोटो सोर्स- Instagram/ officialsunitaahuja)

Sunita Ahuja-Govinda Divorce Controversy: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है। दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच मुंबई की फैमिली कोर्ट के बाहर सुनीता को देखे जाने के बाद एक बार फिर उनके वैवाहिक रिश्ते की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि गोविंदा के मैनेजर ने साफ किया उनका तलाक नहीं हो रहा है।

गोविंदा का नाम अभिनेत्री कोमल रानी के साथ जोड़े जाने के बाद भी कई तरह की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच सुनीता कई मौकों पर अपने पति को लेकर खुलकर बात कर चुकी हैं। उनके कुछ पुराने बयान आज फिर चर्चा में हैं।

'गोविंदा की जिंदगी में कई अफेयर्स रहे हैं'

सुनीता आहूजा ने एक रियलिटी शो में गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर बेबाक अंदाज में बात की थी। पति के कथित अफेयर्स पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि प्यार में कई चीजों को नजरअंदाज करना पड़ता है। उन्होंने ये भी हिंट दिया था कि गोविंदा की जिंदगी में कई अफेयर्स रहे और फिल्म इंडस्ट्री में हीरो-हीरोइनों के बीच ऐसी चीजें होती रहती हैं। सुनीता का यह अंदाज लोगों के लिए हैरान करने वाला था, क्योंकि उन्होंने पति की निजी जिंदगी से जुड़े सवाल का जवाब काफी सीधे तरीके से दिया था।

'अगले जन्म में गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, पति नहीं'

सुनीता का एक और बयान काफी सुर्खियों में रहा है। उन्होंने अलग-अलग इंटरव्यू और टीवी कार्यक्रमों में कहा कि गोविंदा एक बेटे के तौर पर बेहद अच्छे और जिम्मेदार हैं। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले जन्म में भी गोविंदा को अपना पति बनाना चाहेंगी, तो उनका जवाब अलग था। सुनीता ने कहा था कि वह गोविंदा जैसा बेटा तो चाहेंगी, लेकिन पति के रूप में उन्हें दोबारा नहीं चुनेंगी। उन्होंने यह भी बताया था कि पति की जवानी की गलतियों को उन्होंने माफ कर दिया, लेकिन दोबारा उसी रिश्ते में जाने की इच्छा नहीं है।

'घुटने पर गोली तभी लगती है जब कोई जिंदगी में आता है'

गोविंदा के पैर में गोली लगने की पुरानी घटना भी एक समय चर्चा में रही थी। इसी घटना से जुड़े सवाल पर सुनीता ने एक टीवी शो में मजाकिया लेकिन चौंकाने वाली टिप्पणी की थी। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा था कि किसी व्यक्ति के घुटने पर गोली लगने के पीछे भी कोई वजह होती है और जब जिंदगी में कोई नया व्यक्ति आता है, तभी ऐसी स्थिति बनती है। उनके इस बयान को गोविंदा की निजी जिंदगी और कथित रिश्तों से जोड़कर देखा गया था।

'उसे शर्म आनी चाहिए, वो बेटी की उम्र की है'

हाल के विवाद में सुनीता का 'शुगर डैडी' वाला बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। गोविंदा की युवा को-स्टार के साथ उनकी तस्वीरें और सार्वजनिक मौजूदगी सामने आने के बाद सुनीता ने पपराजी से बातचीत में नाराजगी जताई थी। उन्होंने अभिनेत्री की उम्र को लेकर सवाल उठाया और गोविंदा के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए उन्हें 'शुगर डैडी' तक कह दिया। सुनीता ने यह भी कहा था कि एक व्यक्ति को अपनी सामाजिक मर्यादा और एक स्तर बनाए रखना चाहिए।

'हीरो की पत्नी बनने के लिए दिल पत्थर का होना चाहिए'

सुनीता ने एक पुराने इंटरव्यू में फिल्म स्टार की पत्नी होने की मुश्किलों पर भी खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि किसी अभिनेता की पत्नी बनना आसान नहीं होता, क्योंकि कलाकार अक्सर अपने परिवार से ज्यादा समय सह-कलाकारों के साथ बिताते हैं। अपने लंबे वैवाहिक जीवन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने माना था कि ऐसी शादी को निभाने के लिए महिला का बहुत मजबूत होना जरूरी है।

गोविंदा और सुनीता की शादी को करीब चार दशक हो चुके हैं। इस दौरान दोनों के रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन दोनों ने परिवार को साथ रखा। अब फैमिली कोर्ट से जुड़ी ताजा चर्चा के बीच सुनीता के ये पुराने बयान फिर से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। हालांकि, उनके रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दोनों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार करना जरूरी है।

Updated on:
19 Aug 2026 05:56 pm
Published on:
19 Aug 2026 05:56 pm