
कंगना रनौत और बाबा रामदेव ( फोटो सोर्स- X/ANI)
Kangana Ranaut Vs Baba Ramdev: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका सामना योग गुरु बाबा रामदेव की टिप्पणी से हुआ है। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत कंगना के Gen Z को लेकर दिए गए बयान से हुई, जिसके बाद बाबा रामदेव ने अभिनेत्री के पुराने जीवन और उनकी जवानी का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा। अब कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए बाबा रामदेव को ऐसा जवाब दिया है, जिसने पूरे मामले को और गर्म कर दिया है।
बुधवार को कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने बाबा रामदेव के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए उनके निजी जीवन से जुड़े संकेतों पर आपत्ति जताई। कंगना ने बेहद तीखे अंदाज में कहा कि बाबा को उनकी जवानी या निजी जिंदगी के बारे में कल्पनाएं नहीं करनी चाहिए। उन्होंने लिखा- 'मेरे बेडरूम या जवानी के सपने ना देखो बाबा जी, कम से कम मुझे सुप्रीम कोर्ट से कोई फटकार तो नहीं पड़ी'।
अभिनेत्री ने ये भी सवाल उठाया कि अफवाहों और चर्चाओं के आधार पर किसी व्यक्ति के चरित्र को लेकर टिप्पणी करना कितना उचित है। उन्होंने अपने जवाब में बाबा रामदेव से कैरैक्टर पर मैसेज नहीं देने की बात कही और अपने खिलाफ लगाए जा रहे संकेतों को खारिज किया।
दरअसल, कंगना रनौत ने हाल ही में Gen Z को लेकर टिप्पणी की थी। उनके बयान में युवा पीढ़ी के लिए 'गटर' जैसे शब्द के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसी मुद्दे पर एक इंटरव्यू में बाबा रामदेव से सवाल पूछा गया।
इस पर बाबा रामदेव ने कंगना की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कहा कि देश के युवाओं को इस तरह संबोधित करना सही नहीं है। उन्होंने बातचीत के दौरान कंगना के बचपन, जवानी और पुराने कामों का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि वह ऐसे लोगों के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते, लेकिन किसी भी देश के युवाओं को इस तरह संबोधित करना गलत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिनेत्री की पार्टी से जुड़े लोगों को इस बयान पर ध्यान देना चाहिए।
बाबा रामदेव की इसी टिप्पणी के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी की निजी जिंदगी को लेकर अफवाहों और गॉसिप के आधार पर धारणा बनाना उचित नहीं है। अभिनेत्री ने अपने जवाब में बाबा रामदेव के खिलाफ पुराने विवादों और अदालत की टिप्पणियों का भी संदर्भ दिया।
कंगना रनौत अपने साफ और बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। राजनीति में सक्रिय होने के बाद भी वो कई सामाजिक, राजनीतिक और फिल्मी मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती रही हैं। वहीं बाबा रामदेव भी सार्वजनिक मुद्दों पर अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।
Updated on:
19 Aug 2026 04:32 pm
Published on:
19 Aug 2026 04:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
