Janhvi Kapoor Morphed Photo On Adult Site: जान्हवी कपूर ने हाल ही में चौंकाने वाला खुलासा किया है। अभिनेत्री ने बताया है कि 15 साल की उम्र में उन्होंने अपनी डीपफेक तस्वीर एडल्ट साइट पर देखी थी।
Janhvi Kapoor Morphed Photo On Adult Site: बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने हाल ही में अपने जीवन से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने डिजिटल दौर की कड़वी सच्चाई को सामने ला दिया है। अभिनेत्री ने बताया कि किशोरावस्था के दौरान उन्हें इंटरनेट पर अपनी एडिट की हुई आपत्तिजनक तस्वीरें देखने को मिली थीं। उस वक्त उनकी उम्र महज 15 साल थी और ये घटना उनके लिए बेहद चौंकाने वाली साबित हुई। राज शमानी के साथ पॉडकास्ट में जान्हवी ने इस बात का खुलासा किया है।
जाह्नवी कपूर का ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने बताया कि उस समय वह स्कूल में पढ़ती थीं और सामान्य छात्रों की तरह कंप्यूटर क्लास में इंटरनेट का इस्तेमाल करती थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें पता चला कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें गलत तरीके से इंटरनेट पर शेयर किया जा रहा है। उन्होंने एडल्ट साइट पर अपनी डीपफेक तस्वीर देखी।
अभिनेत्री के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई जब स्कूल की आईटी क्लास में कुछ छात्र मजाक-मस्ती के दौरान कुछ वेबसाइट्स देख रहे थे। तभी उन्हें एहसास हुआ कि उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल गलत तरीके से किया गया है। उस उम्र में इस तरह की स्थिति को समझना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने खुद को समझाने की कोशिश की कि शायद यह इंटरनेट की दुनिया का एक कठोर पहलू है।
हालांकि उन्होंने शुरुआत में इस घटना को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन इसका असर उनके मन पर लंबे समय तक बना रहा। आज भी जब वह उस दौर को याद करती हैं, तो उन्हें यह अनुभव परेशान करता है।
जाह्नवी कपूर ने यs भी बताया कि समय के साथ तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। कई बार इंटरनेट पर उनकी ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं, जो पूरी तरह से नकली होती हैं, लेकिन देखने में असली लगती हैं। इससे उनके पेशेवर जीवन पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने चिंता जताई कि कई बार ऐसे विजुअल्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो जाते हैं और लोग उन्हें सच मान लेते हैं। इससे न सिर्फ कलाकार की छवि प्रभावित होती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलता है।
अभिनेत्री का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कई बार जिम्मेदारी की कमी दिखाई देती है। उन्होंने माना कि इस तरह की घटनाएं सिर्फ मनोरंजन जगत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आम लोगों के साथ भी हो सकती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर जागरूकता और संवेदनशीलता बेहद जरूरी हो गई है।
जाह्नवी कपूर ने यह भी स्वीकार किया कि आज भी वह इस स्थिति से पूरी तरह सहज महसूस नहीं कर पाती हैं। उनके मुताबिक, इंटरनेट पर फैल रही फर्जी तस्वीरें किसी भी कलाकार के आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकती हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जाह्नवी कपूर हाल ही में निर्देशक शशांक खैतान की फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए।