
Kangana Ranaut On Karisma Kapoor Worship: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी तस्वीर साझा कर 90 के दशक की यादें ताजा कर दी हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने बताया कि उस दौर में वो अभिनेत्री करिश्मा कपूर के फैशन और स्टाइल से काफी प्रभावित थीं। कंगना ने करिश्मा को अपने दौर की असली फैशन आइकन बताते हुए स्वीकार किया कि वो भी कभी उनकी बड़ी प्रशंसक थीं।
कंगना द्वारा शेयर की गई तस्वीर में उनका लुक पूरी तरह 90 के दशक के फैशन की याद दिलाता है। तस्वीर में वो चमकीले हरे रंग की टी-शर्ट के साथ डेनिम डंगरी पहने नजर आ रही हैं। कमर पर बंधी जींस और उनका कैजुअल अंदाज इस बात की ओर इशारा करता है कि उस समय के बॉलीवुड फैशन का उन पर कितना असर था।
कंगना ने तस्वीर के जरिए करिश्मा कपूर को याद करते हुए मजेदार अंदाज में बताया कि 90 के दशक में वो भी उनकी स्टाइल की दीवानी थीं। करिश्मा कपूर ने उस दौर की फिल्मों में जिस तरह के रंगीन, कैजुअल और यूथफुल कपड़ों को लोकप्रिय बनाया, उसका असर युवाओं की फैशन पसंद पर भी देखने को मिलता था। उन्होंने कहा कि वो भी बाकी लोगों की ही तरह करिश्मा कपूर को पूजती थीं।
कंगना का फैशन से रिश्ता नया नहीं है। वो पहले भी कई मौकों पर बता चुकी हैं कि बचपन से ही उन्हें अलग तरह के कपड़े पहनने और अपने लुक के साथ प्रयोग करने का शौक था। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने अपने बचपन की तस्वीरों का जिक्र करते हुए बताया था कि वह मोतियों से खुद को सजाती थीं, अलग हेयरस्टाइल आजमाती थीं और हाई सॉक्स के साथ हील्स पहनने तक का प्रयोग करती थीं।
कंगना ने ये भी बताया था कि उनके गांव में उनके इस तरह के फैशन को देखकर लोग उनका मजाक उड़ाते थे। हालांकि, समय के साथ उन्होंने इन अनुभवों को अपनी पहचान का हिस्सा माना और फैशन को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम समझा।
कंगना के फैशन पर सिर्फ करिश्मा कपूर का ही प्रभाव नहीं रहा। उन्होंने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘दिल तो पागल है’ से भी वह काफी प्रभावित हुई थीं। उस समय वह स्कूल में पढ़ती थीं और फिल्म में माधुरी के पहनावे ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने भी वैसा ही कुछ पहनने की कोशिश की।
कंगना के मुताबिक, उनके इस अंदाज को लेकर स्कूल में उन्हें डांट भी सुननी पड़ी थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बॉलीवुड सितारों का फैशन उनके लिए केवल पर्दे तक सीमित नहीं था, बल्कि बचपन से ही उनकी व्यक्तिगत स्टाइल पसंद को प्रभावित करता रहा।