बॉलीवुड

‘प्राइवेट में बात करते हैं’, प्रियंका चोपड़ा की पति निक जोनस के साथ पहली चैटिंग पर हुआ खुलासा, शर्म से पानी-पानी हुईं देसी गर्ल

Nick Jonas-Priyanka Chopra Lovestory: निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा के बीच की पहली चैटिंग को लेकर हाल ही में खुलासा हुआ।
2 min read
Jul 15, 2026
Nick Jonas-Priyanka Chopra First Message
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की पहली चैटिंग (फोटो सोर्स- Youtube/HeyJonasPodcast)

Nick Jonas-Priyanka Chopra First Message: आज प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस को ग्लोबल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में गिना जाता है। दोनों की शादी को कई साल हो चुके हैं और अब वो बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस खूबसूरत रिश्ते की शुरुआत एक छोटे से सोशल मीडिया मैसेज से हुई थी? अब खुद निक जोनस ने पहली बार उस मैसेज का खुलासा किया है, जिसने दोनों की प्रेम कहानी की नींव रखी थी।

एक पॉडकास्ट में खुला कई साल पुराना राज

निक जोनस हाल ही में अपने भाइयों जो और केविन जोनस के पॉडकास्ट में पत्नी प्रियंका चोपड़ा के साथ नजर आए। बातचीत के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों को याद किया। इसी दौरान निक और प्रियंका के बीच सोशल मीडिया पर हुई पहली बातचीत पढ़कर सुनाई गई, जिसे सुनकर दोनों अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

ये बातचीत उस समय की है जब दोनों सिर्फ एक-दूसरे के बारे में सुन चुके थे और उनकी मुलाकात भी नहीं हुई थी। उस वक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को ट्विटर के नाम से जाना जाता था।

निक ने पहले बढ़ाया था दोस्ती का हाथ

निक जोनस ने बताया कि उन्हें प्रियंका चोपड़ा के बारे में अपने करीबी लोगों से काफी बातें सुनने को मिली थीं। इसी बीच उन्होंने प्रियंका का एक ऐड देखा और उनसे संपर्क करने का फैसला किया।

उन्होंने बेहद सिंपल तरीके से उन्हें मैसेज भेजा और मिलने की इच्छा जताई। जवाब में प्रियंका ने भी पॉजिटिव रिएक्शन दिा और कहा कि सोशल मीडिया की बजाय प्राइवेट में बात करना ज्यादा सही रहेगा। यहीं से दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो बाद में प्यार में बदल गया।

मैसेज सुनकर दोनों को आई शर्म

पॉडकास्ट में जब निक और प्रियंका के शुरुआती मैसेज पढ़े गए तो दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे मुस्कुराते और शर्माते नजर आए। कई बार दोनों अपनी पुरानी बातचीत सुनकर हंस पड़े। फैंस को भी यह पल काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर इस वीडियो की खूब चर्चा हो रही है।

कुछ महीनों बाद शुरू हुई डेटिंग

पहली बातचीत के करीब डेढ़ साल बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। इसके बाद रिश्ता तेजी से आगे बढ़ा और साल 2018 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद यह जोड़ी दुनिया की सबसे लोकप्रिय सेलिब्रिटी जोड़ियों में शामिल हो गई। बाद में उनके घर बेटी मालती मैरी का जन्म हुआ, जो अब अक्सर अपने माता-पिता के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आती हैं।

इन दिनों भी लगातार चर्चा में हैं प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा हाल ही में विंबलडन चैंपियनशिप में नजर आई थीं। उन्होंने सेंटर कोर्ट से निक जोनस को वीडियो कॉल कर मैच का नजारा भी दिखाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इससे पहले दोनों पेरिस फैशन वीक में भी साथ दिखाई दिए थे। वहीं प्रियंका अपनी आने वाली फिल्म 'वाराणसी' की शूटिंग पूरी करने के बाद लगातार इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा ले रही हैं।

Updated on:
15 Jul 2026 09:28 am
Published on:
15 Jul 2026 09:28 am