बॉलीवुड

कीड़ा काटने से एक्टर राजेश शर्मा की बिगड़ी तबीयत पर AICWA हुआ सख्त, प्रोड्यूसर पर हर्जाने की बात, सीएम रेवंत रेड्डी से लगाई गुहार

Rajesh Sharma Insect Bite: अभिनेता राजेश शर्मा को कीड़ा काटने के मामले में अब AICWA ने गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रेस स्टेटमेंट जारी करते हुए क्या कुछ कहा गया है, चलिए जानते हैं।
3 min read
Jul 09, 2026
Rajesh Sharma Insect Bite
Rajesh Sharma Insect Bite (सोर्स- @IMDb)

Rajesh Sharma Insect Bite: बॉलीवुड और बंगाली सिनेमा के दमदार अभिनेता राजेश शर्मा इन दिनों अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रभास की मच अवेटेड फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान एक संदिग्ध जहरीले कीड़े या मकड़ी के काटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अब इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अभिनेता की गंभीर हालत को देखते हुए ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और फिल्म निर्माताओं की जवाबदेही तय करने की बात कही है।

राजेश शर्मा की शूटिंग के दौरान बिगड़ी हालत

जानकारी के मुताबिक राजेश शर्मा हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म 'फौजी' की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग खत्म होने के बाद वो घने पेड़ों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया और इलाज नहीं कराया।

हालांकि करीब छह घंटे बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उनके दाहिने पैर में असहनीय दर्द शुरू हुआ और धीरे-धीरे संक्रमण बढ़ता चला गया। इसके बावजूद वो हैदराबाद से कोलकाता की फ्लाइट में सवार हो गए। सफर के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और हालत लगातार खराब होती गई।

अस्पताल में भर्ती हुए अभिनेता

कोलकाता पहुंचने के बाद उन्हें तुरंत धाकुरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार संक्रमण उनके पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल चुका है। प्रभावित हिस्से में बड़े-बड़े छाले बन गए हैं। अभिनेता को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ भी हो रही है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और फिलहाल उनकी हालत को गंभीर बताया जा रहा है।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जारी किया स्टेटमेंट

इसी बीच ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि शूटिंग सेट पर सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

एसोसिएशन ने कई सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर अभिनेता की हालत शूटिंग के दौरान ही बिगड़ गई थी तो उन्हें तुरंत हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं कराया गया? क्या सेट पर मेडिकल टीम मौजूद थी? क्या आपातकालीन चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया गया? और आखिर ऐसी कौन-सी लापरवाही हुई जिससे अभिनेता की स्थिति इतनी गंभीर हो गई?

AICWA ने की जांच की मांग

AICWA ने ये भी मांग की है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो निर्माता, प्रोडक्शन हाउस या जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संगठन ने फिल्म निर्माताओं से राजेश शर्मा के पूरे इलाज का खर्च उठाने और उनके पूरी तरह स्वस्थ होने तक हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

सुदीपा चटर्जी ने दिया अपडेट

अभिनेता की सेहत को लेकर अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने भी परिवार की ओर से जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर लगातार संक्रमण को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं और अभिनेता अभी भी खतरे से पूरी तरह बाहर नहीं हैं।

राजेश शर्मा हिंदी और बंगाली सिनेमा के जाने-माने कलाकार हैं। उन्होंने 'खोसला का घोसला', 'इश्किया', 'नो वन किल्ड जेसिका', 'द डर्टी पिक्चर', 'स्पेशल 26', 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स', 'बजरंगी भाईजान', 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' जैसी कई चर्चित फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय क्षमता का परिचय दिया है।

अब सभी की नजरें अभिनेता की सेहत पर टिकी हैं। वहीं फिल्म सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एक बार फिर गंभीर बहस शुरू हो गई है।

Updated on:
09 Jul 2026 10:51 am
Published on:
09 Jul 2026 10:51 am