बॉलीवुड

Sourav Ganguly: सौरव गांगुली की लॉर्ड्स की ऐतिहासिक यादें हुईं ताजा, ‘दादा’ से राजकुमार राव का पहला लुक आया सामने

Sourav Ganguly Biopic First Look: पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली के जीवन पर बनी फिल्म दादा का पहला लुक रिलीज होने वाला है। फिल्म के पहले लुक में राजकुमार राव उनके लुक को रिक्रिएट करते दिखने वाला हैं।
2 min read
Jul 08, 2026
Sourav Ganguly Biopic First Look
Sourav Ganguly Biopic First Look (सोर्स- @rajkummar_rao)

Sourav Ganguly Biopic First Look: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली है। लंबे समय से चर्चा में चल रही उनकी बायोपिक 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' से आखिरकार अभिनेता राजकुमार राव का पहला लुक सामने आ गया है। खास बात ये है कि मेकर्स ने इस झलक को गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों के लिए ये दिन और भी यादगार बन गया।

राजकुमार राव ने रिक्रिएटल किया लॉर्ड्स लुक

फिल्म के पहले पोस्टर में राजकुमार राव को उसी अंदाज में दिखाया गया है जिसने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नई पहचान बनाई थी। साल 2002 में इंग्लैंड के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद सौरव गांगुली ने बालकनी में अपनी जर्सी लहराकर जीत का जश्न मनाया था। यह तस्वीर आज भी भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार पलों में गिनी जाती है। अब उसी ऐतिहासिक पल को फिल्म के पहले लुक में दोबारा जीवंत किया गया है।

राजकुमार राव ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म से अपना पहला लुक शेयर किया है। इसी के साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा- जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं आपको दादा सौरव गांगुली।

राजकुमार राव ने की बात

पहले लुक को लेकर अभिनेता राजकुमार राव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए अपनी खुशी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस किरदार को निभाना उनके लिए केवल एक फिल्म का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाना है जिसे उन्होंने हमेशा प्रेरणा के रूप में देखा है।

उनके मुताबिक, सौरव गांगुली केवल सफल कप्तान ही नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़े हुए नाम हैं। ऐसे में उनके जीवन को पर्दे पर उतारना उनके करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक है।

फिल्म के बारे में

फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। फिल्म की शूटिंग इसी साल अप्रैल में शुरू हुई थी और लगातार अलग-अलग लोकेशन पर इसकी शूटिंग जारी है। मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म केवल क्रिकेट मैचों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें सौरव गांगुली के संघर्ष, फैसलों, नेतृत्व क्षमता और भारतीय क्रिकेट को नई सोच देने की पूरी कहानी दिखाई जाएगी।

निर्देशक बोले- क्रिकेट के इतिहास का अहम अध्याय

निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी का मानना है कि सौरव गांगुली का सफर भारतीय क्रिकेट के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने विदेशी मैदानों पर जीतने का आत्मविश्वास हासिल किया और युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी मिली। यही वजह है कि फिल्म में उनके क्रिकेट करियर के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व की भी झलक देखने को मिलेगी।

बताया जा रहा है कि फिल्म में गांगुली के शुरुआती क्रिकेट दिनों से लेकर भारतीय टीम के कप्तान बनने तक के सफर को विस्तार से दिखाया जाएगा। इसके अलावा उन मुश्किल दौरों को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा, जब उन्होंने आलोचनाओं का सामना करते हुए टीम इंडिया को नई दिशा दी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि फिल्म में कई ऐसे ऐतिहासिक मुकाबले भी देखने को मिलेंगे जिन्होंने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी।

कब रिलीज होगी फिल्म?

फिल्म अगले साल 14 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है। ऐसे में अब दर्शकों की नजरें इसके टीजर और ट्रेलर पर टिकी हैं। क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में शामिल सौरव गांगुली की कहानी बड़े पर्दे पर किस अंदाज में दिखाई जाएगी, इसका इंतजार अब पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।

Updated on:
08 Jul 2026 10:10 am
Published on:
08 Jul 2026 10:03 am