Ramayana Part 1 Screening In America: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण पार्ट 1' की स्क्रीनिंग अमेरिका में रखी गई। फिल्म के शुरुआती कट को वहां के दर्शकों को दिखाया गया, जिसके बाद फिल्म को लेकर उम्मीदें और ज्यादा बढ़ गई हैं।
Ramayana Part 1 Screening In America: भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही 'रामायण पार्ट 1' रिलीज से महीनों पहले ही इंटरनेशनल लेवल पर हलचल मचा दी है। हाल ही में अमेरिका में फिल्म के पहले कट की टेस्ट स्क्रीनिंग रखी गई, जिसके बाद दर्शकों के रिएक्शन्स ने मेकर्स की एक्साइटमेंट दोगुनी कर दी है। बताया जा रहा है कि दर्शकों ने फिल्म की विशालता, विजुअल इफेक्ट्स और इमोशनल कहानी कहने के अंदाज की खुलकर सराहना की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये खास स्क्रीनिंग अमेरिका के शहर लॉस एंजेलेस में स्थित सिनेमार्क प्लाया विस्टा में आयोजित किया गया। अलग-अलग आयु वर्ग के चुनिंदा दर्शकों को फिल्म का शुरुआती वर्जन दिखाया गया। स्क्रीनिंग का मकसद ये समझना था कि पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में फिल्म किस दिशा में आगे बढ़ रही है और क्या ये दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर रही है।
फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नितेश तिवारी कर रहे हैं। ये फिल्म आदि कवि वाल्मिकी द्वारा रचित महाकाव्य पर आधारित है और इसे दो भागों में प्रस्तुत किया जाएगा। पहले भाग की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन तथा वीएफएक्स का काम जोरों पर है।
फिल्म में भगवान राम की भूमिका में रणबीर कपूर नजर आएंगे, जबकि रावण का किरदार साउथ सुपरस्टार यश निभा रहे हैं। माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी दिखाई देंगी। लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और हनुमान के रूप में सनी देओल को कास्ट किया गया है। स्टारकास्ट की ये भव्यता पहले से ही दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा रही है।
स्क्रीनिंग में मौजूद दर्शकों ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को ‘मॉन्स्ट्रस’ और ‘हॉलीवुड स्तर का’ बताया। फिल्म के वीएफएक्स पर काम ऑस्कर विजेता स्टूडियो डीएनईजी कर रहा है, जिसने पहले दून और इंटरस्टेलर जैसी वैश्विक फिल्मों में काम किया है। यही कारण है कि फिल्म का तकनीकी स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता दिख रहा है।
फिल्म के संगीत को भी खास बनाया गया है। ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और भारत के दिग्गज एआर एआर रहमान पहली बार साथ काम कर रहे हैं। इस सहयोग ने फिल्म को ग्लोबल अपील देने में अहम भूमिका निभाई है।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के बैनर प्राइम फोकस स्टूडियो के तहत हो रहा है। इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी परियोजनाओं में से एक बताया जा रहा है। हालांकि आधिकारिक बजट का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन अनुमानित लागत सैकड़ों मिलियन डॉलर के आसपास बताई जा रही है।
रामायण पार्ट वन की वैश्विक रिलीज अक्टूबर 2026 में दिवाली के मौके पर तय की गई है। अभी फिल्म में कई स्तरों पर सुधार और निखार का काम बाकी है, लेकिन शुरुआती प्रतिक्रियाएं संकेत दे रही हैं कि ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है।