
Saif Ali Khan On Ghee: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान अपनी फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन के साथ-साथ अपने मजेदार अंदाज को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में वो पत्नी करीना कपूर के साथ नेटफ्लिक्स के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में पहुंचे। यहां कपिल शर्मा ने सैफ के इंस्टाग्राम डेब्यू से जुड़ा एक फैन का कमेंट पढ़ा, जिसके बाद बातचीत उनके ‘घी वाले किस्से’ तक पहुंच गई।
दरअसल, सैफ अली खान कुछ समय पहले अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अक्षय कुमार के साथ पहुंचे थे। दोनों अपनी फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन के लिए शो में आए थे। इसी दौरान अमिताभ बच्चन ने बताया था कि 10वें सवाल का सही जवाब देने पर उन्हें दो साल की गोवर्धन घी की सप्लाई मिलेगी।
जैसे ही अमिताभ बच्चन ने दो साल की घी की सप्लाई का जिक्र किया, सैफ अली खान का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। सैफ ने हैरानी से कहा था, 'वाह, क्या?' इसके बाद जब अमिताभ ने ऑफर दोहराया तो सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि 'यही है, इसी वजह से मैं यहां आया हूं।'
अक्षय कुमार भी सैफ के इस रिएक्शन पर हंसते नजर आए थे। इसके बाद उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और सैफ को लेकर कई मीम बनाए गए। प्रशंसकों ने उनके घी वाले उत्साह को लेकर जमकर मजाक किया।
अब ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में कपिल शर्मा ने सैफ के इंस्टाग्राम डेब्यू का जिक्र करते हुए एक फैन का कमेंट पढ़ा। फैन ने मजाक में लिखा था कि सैफ दो साल की घी की सप्लाई जीतने से इतने खुश हुए कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर डेब्यू कर लिया।
इस पर सैफ ने खुद ही KBC वाले घी का जिक्र कर दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैं बस एक बात साफ करना चाहता हूं। मुझे अभी तक घी मिला ही नहीं है।'
सैफ की यह बात सुनकर कपिल शर्मा और दर्शक हंस पड़े। इसके बाद अभिनेता ने अपनी शिकायत को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मेरा चेक भी अभी तक नहीं आया है।' सैफ की बात सुनकर करीना कपूर और अर्चना पूरन सिंह भी हंसने लगीं।
शो में घी को लेकर आगे भी मजेदार बातचीत हुई। कपिल ने सैफ और करीना से उनके फ्रेश दिखने का राज पूछा तो सैफ ने कहा कि आजकल उनके घर में घी की सप्लाई काफी ज्यादा हो गई है। करीना ने बताया कि उनके घर में घी काफी इस्तेमाल होता है।
सैफ ने मजाक में करीना की आदत का जिक्र करते हुए कहा कि वह घी खाती ही नहीं, बल्कि रात में अपने पैरों पर भी लगाती हैं। उन्होंने मजाक किया कि उनके बेडरूम से रात में ढाबे जैसी खुशबू आती है।
सैफ के इस अंदाज को सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। फैंस ने उनके घी वाले किस्से पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं और कुछ ने तो मजाक में सोनी टीवी को टैग करते हुए पूछा कि आखिर सैफ को उनका वादा किया गया घी कब मिलेगा।
फिलहाल, KBC में शुरू हुआ सैफ अली खान का यह ‘घी वाला किस्सा’ अब कपिल शर्मा के शो तक पहुंच चुका है और एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है।