
Shatrughan Sinha reacts Sonakshi Sinha trolling: बॉलीवुड के फेमस अभिनेता और TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughan Sinha) ने अपनी बेटी और एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में जब उनसे सोनाक्षी द्वारा दिल्ली जंतर-मंतर और सोनम वांगचुक का समर्थन करने के बाद झारखंड प्रोटेस्ट पर चुप्पी साधने के लिए सवाल पूछे गए, तो उन्होंने न सिर्फ सोनाक्षी का बचाव किया बल्कि ट्रोलर्स पर भी करारा हमला बोल दिया।
शत्रुघ्न सिन्हा ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया। इस दौरान जब उनसे पत्रकार ने कहा कि सोनाक्षी सिन्हा बॉलीवुड की उन चुनिंदा हस्तियों में से एक थीं जिन्होंने सोनम वांगचुक और लद्दाख के मुद्दों के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई थी, लेकिन झारखंड के बच्चों के मुद्दों पर वह खामोश नजर आ रही हैं, तो इस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने तुरंत स्थिति साफ कर दी।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा,"आप अपनी रिसर्च टीम से कहिए कि वह दोबारा जांच करें। अभी चंद रोज पहले ही सोनाक्षी का झारखंड के उन बच्चों के लिए बहुत ही जबरदस्त, वोकल और मजबूत सपोर्ट आया है।"
शत्रुघ्न सिन्हा से आगे पूछा गया कि क्या सोनाक्षी सिन्हा जिस तरह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं, उसे देखते हुए वह आने वाले समय में राजनीति में एंट्री कर सकती हैं? इस पर मुस्कुराते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने रिएक्शन दिया।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "नहीं मैं कह नहीं सकता। पहले तो मैं उससे पूछता था। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि वह एक योग्य पिता की सबसे योग्य बेटी है। उसमें सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों की बहुत अच्छी समझ है।"
सोनाक्षी को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने और ट्रोलिंग के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने दावा किया कि यह सब खुद-ब-खुद होने वाली ट्रोलिंग नहीं है, बल्कि इसे तैयार किया जाता है। उन्होंने सत्ताधारी दल के आईटी सेल की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जब भी कोई कलाकार देश के किसी संवेदनशील मुद्दे पर बोलता है या सरकार की नीतियों पर सवाल उठाता है, तो उसके खिलाफ पेड ट्रोल्स को एक्टिव कर दिया जाता है।
पुराने वाकयों का जिक्र करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "आपको याद होगा, कुछ साल पहले जब कई सेलिब्रिटीज और स्पोर्ट्स स्टार्स के ट्वीट्स एक साथ आए थे, तो उनमें एक जैसा ड्राफ्ट, स्पेलिंग और यहां तक कि फुल स्टॉप (Dot) भी एक जैसा ही था। मंत्रालयों और अधिकारियों की तरफ से एक तय ड्राफ्ट भेजा जाता था और लोग बिना सोचे-समझे उसे वैसा का वैसा पोस्ट कर देते थे। इसलिए जो ट्रोल्स आज सोनाक्षी को निशाना बना रहे हैं, उन्हें खुद नहीं पता कि वे क्या बोल रहे हैं।"