बॉलीवुड

‘टाइगर बेटा आओ कुछ दिखाना है’, हमले से चंद मिनटों पहले टाइगर श्रॉफ के साथ क्या हुआ था? चश्मदीद ने दिया शॉकिंग बयान

Tiger Shroff Firing Incident: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है। इस हमले के कई वीडियोज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी बीच अब चश्मदीद का बयान सामने आया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Tiger Shroff Firing Incident
Tiger Shroff (फोटो सोर्स- ani)

Tiger Shroff Firing Incident: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए कथित फायरिंग के मामले में एक चश्मदीद ने घटना से पहले और उसके दौरान का पूरा घटनाक्रम बताया है। चश्मदीद के मुताबिक, फायरिंग से कुछ समय पहले कई लोग टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के आसपास मौजूद थे और उनकी तस्वीरें लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान टाइगर को बुलाकर उनकी गाड़ी में बैठाया गया और कुछ ही देर बाद रास्ते में फायरिंग शुरू हो गई।

‘टाइगर बेटा आओ, कुछ दिखाना है’

चश्मदीद के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ उस जगह फुटबॉल खेलने के बाद वहां मौजूद लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे थे। फैंस और अन्य लोग उनके साथ फोटो लेने में व्यस्त थे। इसी दौरान चश्मदीद ने टाइगर को आवाज देकर कहा, ‘टाइगर बेटा आओ, कुछ दिखाना है, कुछ बताना है।’

बताया गया कि इसके बाद टाइगर श्रॉफ गाड़ी में बैठ गए। जैसे ही उनकी कार मुख्य सड़क की तरफ पहुंची, अचानक एक युवक फायरिंग करता नजर आया। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि शायद पटाखे चल रहे हैं। चश्मदीद के मुताबिक, आवाज सुनकर पहले किसी को अंदाजा नहीं हुआ कि वास्तव में गोली चलाई जा रही है।

टाइगर ने तुरंत नीचे झुककर बचाई जान

चश्मदीद ने बताया कि जैसे ही स्थिति समझ में आई, टाइगर श्रॉफ तुरंत नीचे लेट गए। इस वजह से वह गोली की सीधी चपेट में आने से बच गए। चश्मदीद के मुताबिक, टाइगर को कोई बड़ी चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लग गई।

एक अन्य चश्मदीद ने पीटीआई से बातचीत में दावा किया कि दो युवक अचानक उतरे और उन्होंने टाइगर की गाड़ी की तरफ करीब चार गोलियां चलाईं। बताया गया कि हमलावरों ने उसी हिस्से को निशाना बनाया था, जहां अभिनेता बैठे थे। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी वहां से भाग निकले।

ड्राइवर को लगी गोली, एक फैन भी घायल

घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर को गोली लगने की बात सामने आई है। चश्मदीद के अनुसार, गोली ड्राइवर की कोहनी के आर-पार निकल गई। इसके अलावा गाड़ी के साथ चल रहा एक फैन भी गोली की चपेट में आया और उसके पेट में गोली लगने की जानकारी दी गई है।

फायरिंग के बाद टाइगर श्रॉफ ने कथित तौर पर खुद ड्राइविंग सीट संभाली और घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। इससे पहले वह पुलिस स्टेशन भी गए थे। ड्राइवर को गंभीर चोट आने के कारण उसका इलाज जारी बताया गया है।

पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश

इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें उनके हाथ और सीने पर पट्टियां नजर आईं। वह महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ भी नजर आए। वहीं, अभिनेत्री दिशा पाटनी भी टाइगर से मिलने उनके घर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग के पीछे की वजह और हमलावरों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

Updated on:
19 Oct 2026 11:07 am
Published on:
19 Oct 2026 11:02 am