
Celebrities Reaction on Tiger Shroff Car Firing: बॉलीवुड के एक्शन स्टार कहे जाने वाले अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई में जानलेवा हमला हुआ है। जिसके बाद से पूरे सोशल मीडिया पर दहशत फैली हुई है। बड़े-बड़े सितारें एक्टर की सुरक्षा के लिए मैसेज कर रहे हैं और वहीं, विपक्ष सरकार पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहा है। अब इसी बीच अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने टाइगर श्रॉफ को भाग्यशाली बताया है कि वह बाल-बाल बच गए हैं। वहीं, मीका सिंह ने इस पूरे मामले पर अपना एक किस्सा सुनाते हुए मुंबई की सुरक्षा पर वीडियो शेयर किया है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के सामने आने के बाद अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी कड़ी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि यह हमला बेहद चौंकाने वाला और चिंताजनक है। शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में कहा कि टाइगर श्रॉफ तो इस हादसे में सौभाग्य से बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदोस इब्राहिम बलूच इस गोलीबारी में बुरी तरह घायल हो गए।
इस सनसनीखेज घटना पर खुलकर अपनी बात रखते हुए सिंगर मीका सिंह ने एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह बेहद डरावना है लेकिन गनीमत रही कि वह सुरक्षित बच गए। मीका ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए बयान दिया।
मीका सिंह ने कहा, "मैं 2005 में मुंबई आया था और पूरी दुनिया में यह बात फैलाता था कि दुनिया की सबसे सेफेस्ट सिटी अगर कोई है, तो वो मुंबई है। यहां लोग सुबह 6 बजे तक बिना किसी सुरक्षा के घूम सकते हैं। लेकिन अब शायद यह बात सिर्फ एक मिसाल बनकर रह गई है। त्योहारों और गरबा के इस सीजन में ऐसा हादसा होना गंभीर बात है। मैं हाथ जोड़कर सरकार से निवेदन करूंगा कि इस पर सीरियस एक्शन लें, क्योंकि आज टाइगर के साथ हुआ है, कल किसी के साथ भी हो सकता है।"
इसी बीच रवि किशन ने भी टाइगर श्रॉफ को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा, "ये चिंता का विषय है और जांच का विषय है। हमें महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। जो भी दोषी हो उन्हें कठोर सजा मिले। टाइगर बहुत मासूम और भोले हैं। महादेव और माता रानी से प्रार्थना है कि उन्हें उनकी सुरक्षा की। ये घटना बेहद भयावह रही।"
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “डरने की कोई वजह नहीं है। ये कायरों की हरकतें हैं। जी हां, मैं दोहराता हूं, कायरों की। वह कहीं छिपकर संचार माध्यमों का इस्तेमाल करके धमकियां देते हैं। हम हर धमकी को गंभीरता से लेते हैं और उचित कार्रवाई करते हैं। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि मुंबई पुलिस एक पेशेवर बल है। मुंबई पुलिस ने बार-बार यह साबित किया है कि जब तक ऐसे अपराधियों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। मुंबई पुलिस दोषियों को जल्द ही ढूंढकर गिरफ्तार करेगी।"
इस बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद टाइगर श्रॉफ के घर जाकर उनसे मुलाकात की। मुलाकात की सामने आई तस्वीरों में टाइगर की छाती और बाएं हाथ पर पट्टी बंधी हुई नजर आ रही है। एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट किया है कि सरकार नागरिकों और सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी बख्शा नहीं जाएगा।