
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर चश्मदीद ने दिया बयान (Photo Source- Twitter/ANI)
Tiger Shroff Car Firing eyewitness Big reveals: बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई में हुए जानलेवा हमले को लेकर एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस घटना के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अब इस पूरे मामले में एक और चश्मदीद (Eyewitness) का बयान सामने आया है, जिसने उस खौफनाक मंजर का आंखों-देखा हाल बयां किया है। चश्मदीद के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने गाड़ी पर सीधे उस तरफ गोलियां चलाईं, जहां अभिनेता टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे।
टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर जिस समय हमला हुआ उस जगह कई लोग मौजूद थे। ऐसे में एक चश्मदीद ने PTI संग खास बातचीत की है। उसने बताया है कि कैसे उस पूरे घटना को अंजाम दिया गया था। चश्मदीद ने कहा कि वह और उनके कुछ साथी अभिनेता की गाड़ी के पीछे ही थे। आम तौर पर फैंस अपनी पसंदीदा गाड़ियों और सेलिब्रिटी को देखकर उनकी तस्वीरें लेने लगते हैं, वह लोग भी वही कर रहे थे।
चश्मदीद ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया, "मैं गाड़ी के पीछे था और हम लोग सब गाड़ी जा रही थी तो फोटो लेने लगे थे। जैसे ही गाड़ी निकली, हमें बिल्कुल आइडिया नहीं था कि ऐसा कुछ होने वाला है। सिर्फ एक सेकंड में वहां दो लड़के उतरे और चार फायरिंग कर दी। उन्होंने ठीक उसी जगह पर निशाना साधा जहां टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे। इसके बाद वह तुरंत अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गए।"
चश्मदीद ने आगे बताया कि इस अंधाधुंध गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन हमलावरों की गोलियों का शिकार उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति हो गए। चश्मदीद के अनुसार, फायरिंग के दौरान टाइगर के ड्राइवर को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा, गाड़ी के साथ चल रहा एक फैन भी इस गोलीबारी की चपेट में आ गया, जिसके पेट में गोली लगी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टाइगर श्रॉफ ने बिना घबराए तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया। चश्मदीद ने बताया कि घटना से पहले गाड़ी ड्राइवर चला रहा था, लेकिन गोली लगने के बाद टाइगर खुद अंदर से ड्राइविंग सीट पर शिफ्ट हो गए और अपनी गाड़ी को खुद ड्राइव करके घायलों को लेकर सीधे अस्पताल पहुंचे। इस साहसी कदम की वजह से समय रहते घायलों को चिकित्सीय सहायता मिल सकी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में भी ले लिया गया है।
वहीं, हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीरें सामने आईं है, जिनमें उनके हाथ और सीने पर पट्टियां और बैंडेज बंधी नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों में टाइगर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ सोफे पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां उन्होंने अपनी सुरक्षा और घटना से जुड़ी जानकारी शेयर की। जहां इस घटना से पूरे बॉलीवुड में दहशत का माहौल है वहीं, एक्टर की एक्स रूमर्ड गर्लफ्रेंड कही जाने वाली अभिनेत्री दिशा पाटनी भी टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंची।
Updated on:
19 Oct 2026 08:49 am
Published on:
19 Oct 2026 08:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
