18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘TRP के लिए महिला को बदनाम करना है बेहद घटिया बात’, कंगना रनौत ने नेहा सिंह राठौर के हॉस्टल वाले पोस्ट पर दिया बयान

Kangana Ranaut Tweet: सिंगर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ कथित फर्जी खबर सामने आई थी। जिसके बाद उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत को टैग करते हुए पोस्ट किया था। अब उसी पर कंगना ने जवाब दिया है।
2 min read
Google source verification
Kangana Ranaut React On Neha Singh Rathore Hostel fake news said trp is extremely deplorable act

कंगना रनौत ने नेहा सिंह राठौर को लेकर दिया बयान (Photo Source- Instagram/kanganaranaut)

Kangana Ranaut Post On Neha Singh Rathore Hostel: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अक्सर अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन इस बार उनका एक अलग ही और गंभीर रूप देखने को मिला है। वैचारिक मतभेदों और राजनीतिक दूरियों को दरकिनार करते हुए कंगना रनौत जानी-मानी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर (Neha Singh Rathore) के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं। नेहा सिंह ने कगंना को टैग करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि एक प्रमुख मीडिया चैनल ने उनके हॉस्टल को लेकर फर्जी खबरें चलाई हैं। अब अभिनेत्री ने उसी पोस्ट का जवाब दिया है।

क्या था पूरा मामला? नेहा सिंह राठौर ने कंगना को किया था टैग

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ था जब लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने सीधे कंगना रनौत को टैग करते हुए लिखा था कि भले ही उनकी और कंगना की राजनीतिक विचारधाराएं एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हों, लेकिन यह फर्क दोनों के महिला होने के साझे सच को नहीं बदल सकता।

नेहा ने एक टीवी चैनल पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा था कि चैनल ने उनके खिलाफ जानबूझकर फर्जी खबरें चलाईं और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई। उन्होंने कंगना को संबोधित करते हुए कहा था, "आपके परिवार में भी बहनें और बच्चियां होंगी! क्या आपको उनके लिए डर नहीं लगता? क्या आपको इस बदमाशी पर कुछ भी नहीं कहना?" नेहा के इस दर्द भरे और तीखे सवाल के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई थी, जिस पर अब खुद कंगना रनौत ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है।

कंगना रनौत बोलीं- 'चैनल के हेड को लेनी चाहिए जिम्मेदारी'

नेहा सिंह राठौर के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट लिखा। कंगना ने यह स्पष्ट किया कि नेहा के राजनीतिक विचार और उनके बयान उनके खुद के विचारों के बिल्कुल अलग और अस्वीकार्य हैं, लेकिन इसके बावजूद एक महिला के सम्मान के मुद्दे पर वह चुप नहीं रहेंगी।

कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा, "नेहा जी। आपके राजनैतिक विचार और समय-समय पर दिए बयान मेरे राजनैतिक विचार के विरुद्ध व मेरे लिए अस्वीकार होते हैं लेकिन किसी भी महिला को TRP के लिए बेबुनियाद बदनाम करना बेहद घटिया बात है। उस चैनल के हैड को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।"

बता दें, नेहा सिंह राठौर के हॉस्टल को लेकर फर्जी खबर सामने आई थी। न्यूज चैनल ने कहा था कि जिस हॉस्टल में गलत काम किए जाते हैं वह सिंगर का है। इसी को लेकर नेहा सिंह ने बड़ा कदम उठाते हुए कंगना रनौत समेत स्मृति ईरानी को भी टैग किया था। जिसके बाद चैनल ने सिंगर से माफी मांग ली है।