
Bundi double murder case: बूंदी जिले में नमाना पुलिस ने गरड़दा डैम पर चौकीदार सहित एक अन्य की हत्या के आरोपी को सौ घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ट्रक से भागने की फिराक में था, उससे पहले ही आरोपी को दबोच लिया गया। वहीं, घटना के दिन दो अगस्त को घायल हुए मोहनलाल भील की भी कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई।
एसपी अवनीश शर्मा ने बताया तीन अगस्त को बीरमदेव पुत्र मोहनलाल मेघवाल निवासी साकरदा पुलिस थाना नमाना ने सौंपी रिपोर्ट में बताया कि मोहनलाल करीब दो महीने से गरड़दा डैम पर मछली ठेकेदार के पास चौकीदारी का काम करते थे। मोबाइल फोन बंद आने से मौके पर पहुंचे परिजनों को मोहनलाल मेघवाल उर्फ काका मृत अवस्था तथा मोहनलाल भील घायल अवस्था में मिला।
प्रारंभिक अनुसंधान एवं प्राप्त तथ्यों के अनुसार, गरड़दा डैम क्षेत्र के एक निर्जन स्थान पर मोहनलाल भील, मोहनलाल मेघवाल तथा कालू सैनी तीनों एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। रात करीब 7-8 बजे खाना बनाने एवं शराब पीने के दौरान मोहनलाल भील एवं कालू सैनी के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आक्रोशित होकर राजेंद्र सैनी उर्फ कालु पुत्र लक्ष्मण माली निवासी उपरला पाडा खेरुणा, थाना सदर ने पास में लकडी के डंडे से मोहनलाल भील के सिर पर मार दी, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर चारपाई पर गिर गया। मोहनलाल मेघवाल कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहा था। झगड़ा बढ़ता देखकर उसने अपना मोबाइल फोन निकाला तथा घटना की सूचना देने के लिए फोन करने का प्रयास किया।
इसी दौरान कालू सैनी की नजर मोहनलाल मेघवाल पर पड़ी तो उसने दौड़कर उसके सिर पर भी गंभीर प्रहार किए, जिससे वह भी अचेत होकर गिर गया। दोनों व्यक्तियों को अचेत एवं लहूलुहान अवस्था में देखकर कालू सैनी ने मौके से फरार होने की सोची।
मौके पर ठेकेदार द्वारा उपलब्ध करवाई गई एक मोटरसाइकिल इनके पास थी, जिसे लेकर वह करीब रात 10 बजे मौके से रवाना हो गया। फरार होते समय उसने मृतक मोहनलाल मेघवाल की जेब से करीब 200 रुपए निकाल लिए तथा उसका कीपैड मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया।
पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध आरोपी लाखेरी रोड पर देखा गया है तथा ट्रक में बैठकर अन्यत्र भागने की फिराक में था। आरोपी के स्थान परिवर्तन करने से पूर्व ही लाखेरी रोड पहुंचकर उसकी पहचान की तथा उसे मौके पर डिटेन कर पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार किया गया।
मुख्य आरोपी कालू सैनी उर्फ राजेंद्र को उसके लगातार स्थान बदलने एवं पुलिस से बचने के प्रयासों के बावजूद लाखेरी से डिटेन कर थाना नमाना लाया गया। प्रकरण में आरोपी से विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।