
Aarti Pharmalabs Q1 Results: फार्मा सेक्टर की कंपनी आरती फार्मालैब्स (Aarti Pharmalabs) का शेयर सोमवार को निवेशकों के रडार पर छा गया। यह शेयर NSE पर पिछले बंद भाव 685.85 रुपये के मुकाबले 763 रुपये पर खुला और देखते ही देखते 823 रुपये तक उछल गया। इसी तेजी के साथ शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर लॉक हो गया। शेयर में यह उछाल कंपनी के जून तिमाही के नतीजे आने के बाद देखने को मिला है।
कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर करीब 38.8 फीसदी बढ़कर 535.8 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 386.19 करोड़ रुपये था। नेट प्रॉफिट में और ज्यादा उछाल देखने को मिला, जो करीब 65.4 फीसदी बढ़कर 76.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसकी एक वजह जॉइंट वेंचर गणेश पॉलीकेम का शानदार प्रदर्शन भी रहा। इसने नेट प्रॉफिट में 7.41 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जिससे मुनाफे में बढ़ोतरी हुई।
नतीजे जारी करने के साथ ही कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक नया इंटरमीडिएट ब्लॉक बनाने के लिए करीब 149 करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिचर को मंजूरी दी है। यह नई क्षमता CDMO पार्टनर्स और इंटरमीडिएट क्लाइंट्स की बढ़ती मांग पूरी करने के मकसद से बनाई जा रही है और इसे एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न को देखें तो इसमें प्रमोटर्स की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है, जो करीब 42.86 फीसदी है। विदेशी निवेशकों यानी FII की हिस्सेदारी करीब 8 फीसदी है। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII के पास करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी है। आम जनता यानी पब्लिक शेयरहोल्डिंग करीब 34 फीसदी है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)