
SBI के शेयर में गिरावट देखी जा रही है। (PC: AI)
SBI Q1 Results: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई के शेयर आज सोमवार को बाजार खुलते ही हरे निशान पर ट्रेड करते दिखे, लेकिन कुछ देर में ही शेयर लाल निशान पर आ गया। एनएसई पर यह शेयर सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर 0.79 फीसदी की बढ़त के साथ 1105 रुपये पर था। इसके बाद 9 बजकर 37 मिनट पर यह 1.68 फीसदी गिरकर 1078 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। बैंक ने हाल ही में अपने पहली तिमाही के नतीजे जारी किये हैं। बैंक ने जून तिमाही में उम्मीद से बेहतर परफॉर्म किया है। यही वजह है कि बाजार की नजरें अब एसबीआई की आगे की परफॉर्मेंस और ब्रोकरेज फर्म्स के नए टार्गेट्स पर हैं।
एसबीआई का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल से जून तिमाही में स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 10% बढ़कर 21,121 करोड़ रुपये रहा। जून तिमाही में एसबीआई की नेट इंटरेस्ट इनकम यानी NII सालाना आधार पर 15% बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये हो गई। बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 10% बढ़कर 33,529 करोड़ रुपये रहा। बैंक का घरेलू नेट इंटरेस्ट मार्जिन 3% रहा, जो मार्च तिमाही के मुकाबले 7 बेसिस प्वाइंट बेहतर है। पूरे बैंक का NIM भी तिमाही आधार पर 5 बेसिस प्वाइंट सुधरकर 2.86% हो गया।
SBI का कुल कारोबार पहली तिमाही में 110 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। बैंक के डिपॉजिट 60 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहे, जबकि कुल लोन यानी एडवांस 50 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गए। पूरे बैंक के एडवांस में सालाना आधार पर 19% की बढ़ोतरी हुई। घरेलू एडवांस 18.15% बढ़े। विदेशी कारोबार की बात करें तो रुपये के हिसाब से विदेशी ऑफिस के एडवांस 21% बढ़े, जबकि डॉलर में यह बढ़ोतरी 10% रही।
बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ है। जून तिमाही के अंत में बैंक का ग्रॉस NPA घटकर 1.47% रह गया। एक साल पहले के मुकाबले इसमें 36 बेसिस प्वाइंट का सुधार हुआ है। नेट NPA भी 9 बेसिस प्वाइंट घटकर 0.38% रह गया।
SBI के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस Nuvama Institutional Equities ने बैंक के शेयर पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टार्गेट 1,300 रुपये दिया है। शुक्रवार के 1,097 रुपये के बंद भाव से देखें तो यह 18% से ज्यादा की संभावित तेजी का संकेत देता है। नुवामा के मुताबिक एसबीआई ने वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत मजबूत तरीके से की है। कर्ज की ग्रोथ 19% रही और मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला। मार्च तिमाही में गिरावट के बाद NIM में 5 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई।
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने एसबीआई पर 'Neutral' रेटिंग बरकरार रखी है। हालांकि, ब्रोकरेज ने शेयर का टार्गेट 1,160 रुपये कर दिया है। शुक्रवार के भाव के मुकाबले इसमें करीब 6% की संभावित बढ़त का अनुमान है। नोमुरा ने कहा कि एसबीआई के जून तिमाही के नतीजे अच्छे रहे और NIM में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। हालांकि, ब्रोकरेज को लगता है कि लोन और डिपॉजिट ग्रोथ के बीच मौजूदा अंतर लंबे समय तक कायम नहीं रहेगा। नोमुरा के अनुसार वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच एसबीआई की लोन ग्रोथ करीब 14% रह सकती है। वहीं, बड़े निजी बैंकों के लिए यह अनुमान 14 से 17% है।
मॉर्गन स्टेनली ने एसबीआई पर 'Equal Weight' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 1070 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक एसबीआई का मुनाफा अनुमान से काफी बेहतर रहा। इसके पीछे NII में बढ़ोतरी, नॉन-इंटरेस्ट इनकम में सुधार और ऑपरेटिंग खर्च में कमी बड़ी वजह रही। मॉर्गन स्टेनली ने यह भी कहा कि बैंक के ग्रॉस स्लिपेज में कमी आई है और एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार जारी है।
Motilal Oswal Financial Services ने एसबीआई के शेयर के लिए सबसे अधिक टार्गेट प्राइस दिया है। उसने शेयर पर 'Buy' रेटिंग कायम रखते हुए टार्गेट को बढ़ाकर 1,370 रुपये कर दिया है। यह शुक्रवार के बंद भाव से करीब 25% की संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज ने बैंक के बेहतर तिमाही नतीजों के बाद कमाई के अनुमान भी बढ़ाए हैं।
ब्रोकरेज का मानना है कि एसबीआई अब 3% के घरेलू NIM के अपने टार्गेट पर पहुंच चुका है और वित्त वर्ष 2027 में भी इसे बनाए रख सकता है।
एसबीआई का शेयर शुक्रवार को 1,097 रुपये पर बंद हुआ था। इस शेयर ने 1 हफ्ते में 3.46 फीसदी, 1 महीने में 4.36 फीसदी, इस साल अब तक 9.79 फीसदी, बीते एक साल में 34.43 फीसदी, 3 साल में 88.49 फीसदी और 5 साल में 153.53 फीसदी रिटर्न दिया है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
10 Aug 2026 10:57 am
Published on:
10 Aug 2026 10:34 am
