कारोबार

Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों में जबरदस्त गिरावट, चांदी भी टूटी, अमेरिका से आई यह खबर बनी वजह

Gold Rate Today: अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा रेट कट को लेकर उम्मीदें धूमिल होने से सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। चांदी भी लाल निशान पर ट्रेड करती दिखी है।
2 min read
Nov 24, 2025
Gold Rate Today
सोने की कीमतों में आज भारी गिरावट देखी जा रही है। (PC: Gemini)

Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों में आज सोमवार को जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में भी सोना लाल निशान पर ट्रेड करता दिखा है। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोने का वायदा भाव 1.07 फीसदी या 1329 रुपये की गिरावट के साथ 1,22,862 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया। अमेरिका में फेड रेट कट की उम्मीदों को झटका लगने और भू-राजनीतिक तनाव कम होने से सोने की कीमतों में यह गिरावट देखने को मिली है।

अगले हफ्ते अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक होनी है। इसी में प्रमुख ब्याज दर पर फैसला लिया जाएगा। यूएस जॉब मार्केट से आए लेटेस्ट डेटा ने रेट कट की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। पहले उम्मीद की जा रही थी कि दिसंबर में 0.25 फीसदी रेट कट हो सकती है। यूएस लेबर डिपार्टमेंट की रिपोर्ट दिखाती है कि सितंबर में नॉन फार्म पेरोल्स में 1,19,000 का इजाफा हुआ है। यह उम्मीद से दोगुना है।

चांदी का वायदा भाव

सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी आज गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में भी चांदी में भारी गिरावट देखी जा रही है। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव 0.73 फीसदी या 1122 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,180 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

सोने का वैश्विक भाव

वैश्विक स्तर पर भी सोने की कीमतों में आज सोमवार को गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोने का भाव 0.72 फीसदी या 29.80 डॉलर की गिरावट के साथ 4,086.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.37 फीसदी या 14.89 डॉलर की गिरावट के साथ 4050.25 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

चांदी का वैश्विक भाव

सोने के साथ ही चांदी की वैश्विक कीमतों में भी आज सोमवार को गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक भाव 0.47 फीसदी या 0.23 डॉलर की गिरावट के साथ 50.33 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट इस समय 0.02 फीसदी या 0.01 डॉलर की गिरावट के साथ 50.01 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

Updated on:
24 Nov 2025 10:04 am
Published on:
24 Nov 2025 10:04 am