कारोबार

Kuwait Airport पर ड्रोन हमले के बाद Indigo ने सस्पेंड की इस खाड़ी देश की सारी फ्लाइट्स, 1 भारतीय की हुई है मौत

Kuwait Airport Close: कुवैत पर हुए ड्रोन हमलों के बाद इंडिगो ने अपनी सभी आने और जाने वाली उड़ानों को 4 जून तक के लिए रद्द कर दिया है। वहीं, भारतीय दूतावास की तरफ से खबर आई है कि इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई है।

2 min read
Jun 03, 2026
Kuwait International Airport
Kuwait Airport पर हमले के बाद इंडिगो ने बंद की उड़ानें (PC: File Photo)

Kuwait News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते संकट के बीच इंडिगो ने कुवैत के लिए आने और जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। दरअसल, कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला हुआ है। इस हमले के बाद कुवैत नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (DGCA) ने देश के एयरस्पेस में सभी हवाई गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।

इंडिगो ने की फ्लाइट सस्पेंड

भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी सूचना में कहा कि कुवैत एयरस्पेस बंद रहने के कारण कुवैत आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 4 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक सस्पेंड रहेंगी। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।

एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और सुरक्षित हवाई मार्ग उपलब्ध होते ही सेवाएं बहाल की जाएंगी। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।

हमले में हुई भारतीय की मृत्यु

कुवैत में हुए इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु की खबर सामने आ रही है। कुवैत में स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर उसे गहरा दुख है। दूतावास मृतक के परिवार के संपर्क में है।

केवल कुवैत एयरवेज को मिली अनुमति

एयरस्पेस बंद करने के कुछ घंटों बाद कुवैत नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (DGCA) ने सीमित स्तर पर उड़ान फिर से शुरू करने की घोषणा की। प्राधिकरण के अनुसार फिलहाल केवल कुवैत एयरवेज की उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई है। ये उड़ानें उस टर्मिनल से संचालित होंगी जो हमले से प्रभावित नहीं हुआ था।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अन्य एयरलाइनों के लिए अभी अनुमति नहीं दी गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है तथा हवाई अड्डे की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अमेरिका-ईरान के बीच फिर बढ़ा तनाव

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। रातभर दोनों देशों के बीच हमले हुए, जिसकी चपेट में कुवैत और बहरीन भी आ गए। अप्रैल की शुरुआत में हुए सीजफायर के बाद यह सबसे गंभीर टकराव माना जा रहा है।

Published on:
03 Jun 2026 06:13 pm