
Merritronix Share News: आप किसी आईपीओ में पैसा लगाएं और शेयर की लिस्टिंग के दिन ही आपका पैसा दोगुना हो जाए। किसी भी निवेशक के लिए यह जबरदस्त खुशी की बात होगी। मेरिट्रोनिक्स के आईपीओ में निवेशकों के साथ ठीक ऐसा ही हुआ है। एक ही दिन में शेयर की कीमत दोगुनी हो गई। बाजार में इस शेयर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। लिस्टिंग के कुछ ही समय बाद इस शेयर में 5% का अपर सर्किट लग गया।
बीएसई SME प्लेटफॉर्म पर मेरिट्रोनिक्स का शेयर 149 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 283.10 रुपये पर लिस्ट हुआ। यानी निवेशकों को शुरुआत में ही करीब 90 फीसदी का प्रीमियम मिल गया। लिस्टिंग के बाद खरीदारी का सिलसिला जारी रहा और शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 297.25 रुपये पर पहुंच गया। इस तरह आईपीओ में पैसा लगाने वालों को कुल 99.50 फीसदी का मुनाफा हो चुका है।
कंपनी के IPO को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि लिस्टिंग मजबूत रह सकती है। 1 जून से 3 जून तक खुले इस 70 करोड़ रुपये के IPO को निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया था। कुल मिलाकर यह इश्यू 315.36 गुना सब्सक्राइब हुआ, जो एसएमई सेगमेंट में हाल के समय की सबसे चर्चित सब्सक्रिप्शन में से एक रहा है।
सबसे ज्यादा उत्साह गैर-संस्थागत निवेशकों यानी NII कैटेगरी में देखने को मिला। यह हिस्सा 476.59 गुना भरा गया। रिटेल निवेशकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उनका कोटा 297.67 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) की श्रेणी 224.91 गुना भरी गई। IPO खुलने से पहले कंपनी करीब 19.9 करोड़ रुपये एंकर निवेशकों से भी जुटा चुकी थी, जिसने शेयर बाजार का भरोसा और मजबूत किया।
मेरिट्रोनिक्स ऐसे सेक्टर में काम करती है, जहां आने वाले वर्षों में बड़े अवसर दिखाई दे रहे हैं। कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) सेक्टर से जुड़ी है और डिफेंस, एयरोस्पेस तथा औद्योगिक उपयोग के लिए हाई-रिलायबिलिटी इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद तैयार करती है। कंपनी अपने ग्राहकों को डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी सेवा उपलब्ध कराती है।
निवेशकों की दिलचस्पी की एक बड़ी वजह यह भी है कि कंपनी का कारोबार उन सेक्टर्स से जुड़ा है, जिन पर सरकार लगातार जोर दे रही है। 'मेक इन इंडिया', डिफेंस सेक्टर में घरेलू उत्पादन बढ़ाने, आयात पर निर्भरता घटाने और महत्वपूर्ण तकनीकों के स्वदेशीकरण जैसी नीतियों का फायदा इस तरह की कंपनियों को मिल सकता है।
कंपनी के फाइनेंशियल रिजल्ट्स भी इसकी कहानी को मजबूती देते हैं। वित्त वर्ष 2026 में मेरिट्रोनिक्स की आय सालाना आधार पर 37 फीसदी बढ़कर 156.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वहीं, शुद्ध लाभ में 86 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 16.1 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का EBITDA भी पिछले वित्त वर्ष के 15.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 27.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह दिखाता है कि कारोबार सिर्फ बढ़ ही नहीं रहा, बल्कि मुनाफे की रफ्तार भी तेज हो रही है।
IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और कुछ कर्ज चुकाने में करेगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कंपनी आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखती है, तो निवेशकों की नजर इस शेयर पर बनी रह सकती है।