
IPO Next Week: अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में निवेशकों की नजर 2 बड़े IPOs पर रहेंगी। जियो प्लेटफॉर्म्स और पारस हेल्थकेयर के आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को खुलने वाले हैं। दोनों में निवेश के लिए 23 अक्टूबर तक पैसा लगाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही चार अन्य कंपनियों के आईपीओ में बोली लगाने का आखिरी दिन 19 अक्टूबर होगा। यानी अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में निवेशकों के पास कई विकल्प होंगे, लेकिन हर आईपीओ की कीमत, कारोबार और वित्तीय स्थिति को समझना जरूरी है। इस दौरान फ्यूजन सीएक्स के आईपीओ का अलॉटमेंट भी 19 अक्टूबर को फाइनल होने की उम्मीद है। वहीं, एचडी फायर प्रोटेक्ट के शेयर 21 अक्टूबर को बाजार में लिस्ट हो सकते हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी इस इश्यू के जरिए 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह पूरा इश्यू नए शेयर जारी करके लाया जाएगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये तय किया है। एक लॉट में 12 शेयर होंगे। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम 13,428 रुपये लगाने होंगे। आईपीओ का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को फाइनल होने की उम्मीद है। शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को NSE और BSE पर संभावित है।
इन्वेस्टर गेन के अनुसार, शनिवार सुबह कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में 221 रुपये या 19.75 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। जीएमपी के आधार पर शेयर की लिस्टिंग 1340 रुपये पर हो सकती है।
जियो प्लेटफॉर्म्स की स्थापना 15 नवंबर 2019 को हुई थी। कंपनी डिजिटल कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं और तकनीक आधारित सोल्यूशंस के क्षेत्र में काम करती है। इश्यू में नेट ऑफर का अधिकतम 50% हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए, कम से कम 35% रिटेल निवेशकों के लिए और कम से कम 15% गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए आरक्षित रहेगा।
पारस हेल्थकेयर लिमिटेड का 1,450 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 660 से 693 रुपये तय किया है। एक लॉट में 21 शेयर होंगे। ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए रिटेल निवेशकों को 14,553 रुपये लगाने होंगे। आईपीओ का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को होने की उम्मीद है, जबकि शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को संभावित है। इस इश्यू में 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए करीब 950 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।
कंपनी का शेयर शनिवार सुबह 95 रुपये या 13.71 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। जीएमपी के आधार पर यह शेयर 788 रुपये पर लिस्ट हो सकता है।
पारस हेल्थकेयर की शुरुआत 1987 में हुई थी। कंपनी पारस हेल्थ ब्रांड के तहत अस्पताल चलाती है और गंभीर बीमारियों के इलाज से जुड़ी सेवाएं देती है। 30 जून 2026 तक कंपनी के आठ अस्पतालों में कुल 2,211 बेड थे। ये अस्पताल गुरुग्राम, पंचकूला, पटना, दरभंगा, कानपुर, उदयपुर, रांची और श्रीनगर में हैं। कंपनी की प्रमुख सेवाओं में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, पाचन तंत्र, हड्डियों और खेल से जुड़ी चोटों तथा किडनी की बीमारियों का इलाज शामिल है।
अगले हफ्ते चार कंपनियों के आईपीओ में आवेदन करने का आखिरी मौका 19 अक्टूबर को रहेगा। इनमें जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस, बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स, टोनबो इमेजिंग इंडिया और सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज शामिल हैं।
| कंपनी | इश्यू का आकार | प्राइस बैंड | एक लॉट के लिए न्यूनतम रकम |
|---|---|---|---|
| जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस | 5,012.33 करोड़ रुपये | 143 से 151 रुपये | 14,949 रुपये |
| बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन्स | 2,533.66 करोड़ रुपये | 558 से 586 रुपये | 14,650 रुपये |
| टोनबो इमेजिंग इंडिया | 852.18 करोड़ रुपये | 665 से 700 रुपये | 14,700 रुपये |
| सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज | 475.48 करोड़ रुपये | 327 से 344 रुपये | 14,792 रुपये |
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)